राजस्व का नशा:मंदिर, स्कूल और अपार्टमेंट…सब जगह खोल दी शराब की दुकान, बड़ा सवाल… क्या सरकार के लिए राजस्व ही सबकुछ

रांची सहित राज्यभर में लंबे समय के बाद शराब की बिक्री निजी हाथों में गई है। रांची जिले में 150 शराब दुकानों का आवंटन किया गया है। निजी हाथों से शराब की बिक्री से एक ओर शराब के शौकीन काफी खुश हैं तो दूसरी ओर महिलाओं और बच्चियों के लिए ये दुकानें आफत बन गए हैं। क्योंकि, सरकार ने शराब से मोटा राजस्व कमाने के लिए ऐसे स्थानों पर दुकानों का आवंटन कर दिया है जहां महिलाओं व बच्चियों का अक्सर आना जाना लगा रहता है। मंदिर,स्कूल और अपार्टमेंट के अहाते में शराब दुकान खुलने से महिलाओं और बच्चों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। क्योंकि, शाम ढलते ही इन शराब दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगने लगती है। कई लोग दुकान के आसपास ही गाड़ी लगाकर जाम से जाम टकराने लगते हैं। इस दौरान वहां से गुजरने वालों से अभद्र तरीके से बात करते हैं। अभी पूरा शहर दुर्गोत्सव की तैयारी में जुटा है। कुछ दिनों में भक्तिमय माहौल हो जाएगा। ऐसे में सभी पूजा समितियां मंदिर-स्कूल के आसपास शराब दुकान बंद करने की मांग कर रही है। अब आम लोग भी कह रहे सरकार…शराब से राजस्व ही मायने रखता है या हमारी सुरक्षा-संस्कृति की भी फिक्र करेंगे… देखिए कैसे हमारी सुरक्षा-संस्कृति ताक पर रख खोली गईं दुकानें दुर्गा बाड़ी… अनेकों भक्त पहुंचते हैं, होती है दिक्कत मेन रोड स्थित दुर्गा बाड़ी में 143 सालों से दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। ऐतिहासिक मंदिर होने की वजह से यहां आम दिनों में भी काफी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। शाम में यहां से शराब लेने के बाद कई लोग बगल गली में ही गाड़ी लगाकर शराब पीते हैं। ऐसे में महिलाओं को आने-जाने में असुविधा होती है। मोरहाबादी… रिहायशी इलाके में दुकान मोरहाबादी मैदान के आगे एक शराब दुकान खोली गई है। जहां पर दुकान उसके बगल में एक अपार्टमेंट है। अपार्टमेंट के प्रवेश द्वार के एक ओर मंदिर स्थित है उससे सटाकर शराब दुकान खोल दिया गया है। उसकी दूरी 10 कदम है। रातू रोड… पास में होती है दुर्गा पूजा रातू रोड दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर व काली मंदिर से महज 50 मीटर दूर शराब दुकान है। दुकान खुलने से मंदिर आने-जाने वाली महिलाओं को दिक्कत होती है। मंदिर के पास आरआर स्पोर्टिंग क्लब की ओर से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। लोवाडीह… आसपास हैं मंदिर व चर्च रांची-नामकुम रोड में लोवाडीह चौक पर स्थित श्री महाबीर मंदिर से 20 ​मीटर की दूरी पर रोड के दूसरी ओर एक शराब दुकान खुली है। मंदिर से पहले निर्मला मध्य विद्यालय व चर्च से महज 50 मीटर पहले एक और शराब दुकान है। वह सबकुछ जो आपको जानना जरूरी हैं…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *