स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को नियुक्ति पत्र सौंपा। मंत्री ने कहा कि आप सबको चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन डरना मत… हम नौकरी दिए हैं तो आपकी हिफाजत भी करेंगे। उन्होंने कहा कि पदभार संभालने के बाद से लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का काम हो रहा है। पिछले 25 वर्षों में जो सुधार नहीं हो पाया, उसे अब तेजी से पूरा किया जा रहा है। अपने बोकारो दौरे का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि लोगों ने मुझे बताया कि अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन नहीं होने से कितनी आर्थिक और मानसिक पीड़ा उठानी पड़ती है। इसके बाद मैंने तुरंत फैसला किया और निर्देश दिया कि जल्द सभी जिलों के सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन अनिवार्य रूप से लगाई जाएगी। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के मिशन डायरेक्टर शशि प्रकाश झा, मेडिकल कोर्पोरेशन के एमडी अबु इमरान, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सिद्धार्थ सान्याल समेत अन्य पदाधिकारी थे। राज्य में बड़े पैमाने पर होगी टीबी व सिकल सेल एनीमिया की जांच स्वास्थ्य मंत्री ने कि राज्य में जल्द बंपर बहाली होगी और अगले 2 साल में नया मेडिकल कॉलेज भी बनेगा। बेहतर नेफ्रोलॉजी सुविधा उपलब्ध कराने पर काम हो रहा है। मंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य में टीबी और सिकल सेल की बड़े पैमाने पर जांच होगी। 200 एडवांस एम्बुलेंस खरीदी जाएगी और 108 सेवा को नई गाड़ियां मिलेंगी। सहियाओं को जल्द टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे।


