रीवा पुलिस ने सेल्समैन से बीच सड़क ओवर ब्रिज पर 3 लाख की लूट के मामले में रविवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पूरे मामले का खुलासा किया है। आरोपियों से लूट करने में कंपनी का भी एक कर्मचारी शामिल निकला। सीएसपी रितु उपाध्याय ने बताया कि फरियादी जय प्रकाश गुप्ता (डिस्टीब्यूटर एयरटेल पेमेंट बैंक) ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मेरा सेल्स मैन अमन मिश्रा कैश कलेक्ट करके खैरी चोरहटा होकर ढेकहा की तरफ आ रहा था। तभी रेलवे ओवर ब्रिज के पास 3 अज्ञात लोग मोटर साइकल से आए और अमन की बाइक के सामने अपनी गाड़ी लगाकर चाकू की नोंक पर रूपयों से भरा बैंक लूट कर भाग गए। बैग में तीन लाख पन्द्रह हजार रूपए थे। रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में लूट का अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया। मामले की बारीकी से जांच की गई। मुखबिर और संदेहियों से पूछताछ की गई। जहां कंपनी का ही एक व्यक्ति पूरी घटना में शामिल निकला। जो एयरटेल ऑफिस में काम करता था। गोपनीय रूप से नजर रखते हुए आरोपियों का सुराग लगाया गया। आरोपी शातिर किस्म के थे। जो घटना के बाद से खुद को छिपाने का प्रयास कर रहे थे। सबूत के आधार पर आरोपियों की धर पकड़ के लिए एक टीम पीछा करते हुए इन्दौर गई। जहां गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने पूछताछ पर अपराध करना स्वीकार किया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर लूट का मसरूका और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की गई है। जबकि गिरफ्तार आरोपियों से बारीकी से पूछताछ की जा रही है। आगे की विवेचना जारी है। एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि आरोपियों में अमन दाहिया पिता शिवराज उम्र 19 वर्ष निवासी चोरहटा,जुनैल मंसूरी पिता मोहम्मद अकरम उम्र 18 वर्ष निवासी ढेकहा, मोहम्मद अलताफ मंसूरी उर्फ फैजल पिता सलामत मंसूरी उम्र 19 वर्ष निवासी मैदानी,अनिल पटेल पिता मिथलेश पटेल उम्र 19 वर्ष निवासी मैदानी और मिथलेश मिश्रा पिता जय प्रकाश मिश्रा उम्र 19 वर्ष निवासी करमाई सेमरिया शामिल हैं। जिनके कब्जे से 1 लाख 90 हजार रूपए और घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की पल्सर 220 सीसी बाइक और एक चाकू भी बरामद किया गया है।


