रायपुर एयरपोर्ट पर नेविगेशन सिस्टम में खराबी के कारण बुधवार को दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E 5138 को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरने से तकनीकी गड़बड़ी हुई, जिससे विजिबिलिटी और नेविगेशन में दिक्कतें आईं। जिसके कारण 4 फ्लाइट कैंसिल कर दी गईं। जबकि 6 अन्य उड़ानों को डायवर्ट किया गया। ये उड़ानें दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और इंदौर जैसे शहरों से जुड़ी थीं। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक मौसम और विजिबिलिटी में सुधार के बाद फ्लाइट संचालन सामान्य हो रही है। बता दें कि, डायवर्ट की गई फ्लाइट में कुल 170 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग क्षेत्र के निवासी हैं। यात्रियों में दुर्ग से बीजेपी सांसद विजय बघेल और वरिष्ठ IAS अधिकारी सोनमणी बोरा भी शामिल थे। वहीं, भोपाल एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए रुकने और रिफ्यूलिंग के बाद फ्लाइट ने रात 10:30 बजे दिल्ली के लिए दोबारा उड़ान भरी और 11:45 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। जब यात्रियों को यह सूचना मिली कि उन्हें उसी रात रायपुर नहीं भेजा जाएगा, तो उन्होंने एयरपोर्ट पर विरोध और हंगामा किया। पहले देखिए ये तस्वीरें- दिल्ली एयरपोर्ट पर देर रात हंगामा दिल्ली पहुंचने के बाद जब यात्रियों को यह जानकारी दी गई कि उन्हें उसी रात रायपुर नहीं भेजा जा सकेगा, तो देर रात एयरपोर्ट पर हंगामा हो गया। यात्रियों का आरोप था कि इंडिगो की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आया। करीब 1 घंटे तक चले हंगामे के बाद एयरलाइन ने यात्रियों को दो अलग-अलग रिसॉर्ट्स में ठहराने की व्यवस्था की। आज दोपहर रायपुर के लिए फ्लाइट एयरलाइन ने सभी यात्रियों को आज गुरुवार को रायपुर भेजने के लिए फ्लाइट नंबर 6E 9056 में सीट अलॉट की गईं जो दोपहर 12:40 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 2:25 बजे रायपुर लैंड करेगी। अब जानिए पूरा घटनाक्रम कैप्टन ने फ्लाइट के डायवर्ट होने की दी सूचना फ्लाइट नंबर 6E5138 ने दिल्ली से बुधवार शाम 7:20 बजे टेकऑफ किया था, जिसे रायपुर में रात 8:55 बजे लैंड होना था। फ्लाइट में मौजूद कैप्टन संजय चौधरी ने यात्रियों को सूचित किया कि नेविगेशन सिस्टम बंद होने और खराब मौसम की वजह से विमान रायपुर की बजाय भोपाल में लैंड किया। रात 9:15 बजे विमान की भोपाल एयरपोर्ट पर लैंडिंग फ्लाइट में कैप्टन समेत 6 क्रू मेंबर थे। करीब रात 9:15 बजे विमान भोपाल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुआ। वहां यात्रियों को रुकवाया गया और विमान की रिफ्यूलिंग की गई। क्रू मेंबर्स ने स्थिति को संभाला और यात्रियों को लगातार अपडेट देते रहे। इस घटना से यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई लोग देर रात तक परिजनों से संपर्क करते रहे। वहीं, रायपुर से दिल्ली जाने वाली रिटर्न फ्लाइट को भी कैंसिल कर दिया गया, जिससे रायपुर एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद यात्रियों को परेशानी हुई। अब समझिए क्या है नेविगेशन सिस्टम सैटेलाइट आधारित नेविगेशन
यह सबसे प्रचलित तकनीक है, जिसमें GPS और क्षेत्रीय नेविगेशन सिस्टम (जैसे NavIC) का सहारा लिया जाता है। उपग्रह लगातार सिग्नल भेजते हैं और विमान में लगे रिसीवर इन सिग्नलों को पकड़कर विमान की सही स्थिति, ऊंचाई और समय का निर्धारण करते हैं। ग्राउंड-बेस्ड ऑग्मेंटेशन सिस्टम
यह सिस्टम हवाई अड्डे के आसपास कार्य करती है। जमीन पर लगे स्टेशन से सुधार संबंधी डेटा विमान को भेजा जाता है, जिससे GPS की सटीकता और बढ़ जाती है। विशेष रूप से लैंडिंग के समय यह प्रणाली विमान को सुरक्षित दिशा और स्थिति बताने में मदद करती है। इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम
इस तकनीक में जाइरोस्कोप और एक्सेलेरोमीटर जैसे सेंसर लगे होते हैं, जो विमान की चाल और दिशा को मापते हैं। इन आंकड़ों की मदद से पता चलता है कि विमान कितनी तेजी से उड़ रहा है, कितनी रफ्तार से उसकी रफ्तार बढ़ रही है, और वह कहां तक पहुंचा है। …………………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बिजली गिरने से रायपुर एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम फेल:दिल्ली से आ रहे विमान की भोपाल में लैंडिंग, 5 फ्लाइट डायवर्ट; BJP सांसद-IAS भी फंसे दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E5138 को भोपाल डायवर्ट कर दिया गया। रायपुर एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम बंद होने के कारण यह फैसला लिया गया। फ्लाइट में कुल 170 यात्री सवार थे। ज्यादातर रायपुर और दुर्ग के रहने वाले हैं। पढ़ें पूरी खबर


