जामताड़ा के गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक सड़क हादसा हुआ। नारायणपुर थाना क्षेत्र के बसपहाड़ी बस स्टॉप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। दुधनी झिलवा गांव के रहने वाले दोनों युवक बगोदर जाने के लिए बस पकड़ने नारायणपुर बस स्टॉप जा रहे थे। हादसे में सुशील मंडल (28) की मौत हो गई। चंद्रशेखर मंडल घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की टक्कर से दोनों युवक सड़क पर गिर गए। समाजसेवी सोनू सिंह, मुखिया वीरेंद्र प्रताप हेंब्रम और ग्रामीणों ने घायलों को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर ने उन्हें धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद ले जाते समय सुशील मंडल की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


