छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम छपोरा में एक पोते ने अपने दादा की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को 11 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना 10 सितंबर की है। जानकारी के मुताबिक, गोविंदा राय (25) ने नशे की हालत में अपने दादा फिरत राम राय से खाना बनाने को कहा। दादा ने गुस्से में आकर उसे गालियां दीं और थप्पड़ मार दिए। इस पर गोविंदा ने दादा से मारपीट की। पिटाई के बाद फिरत राम कमरे में गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। आरोपी ने शव को घर की बाड़ी में स्थित कुएं में फेंक दिया। बाद में उसने खुद अपने चाचा हीरानंद राय को घटना की जानकारी दी। चाचा की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। SDOP मनीष कुंवर के अनुसार, आरोपी घटना के बाद बस स्टैंड में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे वहां से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 11 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


