पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले से जुड़े विभिन्न तथ्यों की दी जानकारी

भास्कर न्यूज| सरायकेला जिले में शुक्रवार को वाहन चोरी करने वाले दो बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 17 बाइक एवं एक पिकअप वाहन जब्त किया है। सभी वाहन चोरी के हैं जो अलग-अलग थाना क्षेत्र से चोरी किए गए हैं। इस मामले में चार नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कार्यालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले से जुड़े विभिन्न तथ्यों के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया एवं चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम द्वारा जिले के आदित्यपुर एवं कुचाई थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में पुलिस द्वारा जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र एवं दूरस्थ कुचाई थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग वाहन चोर गिरोह का पर्दाफ़ाश करते हुए कुल 10 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार एवं 4 नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार अपराध कर्मियों की निशानदेही पर चोरी की कुल 17 मोटरसाइकिल एवं 1 पिकअप वाहन बरामद किया गया है। ऐसे हुआ मामले का भंडाफोड़ : पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में अवैध हथियार मादक पदार्थ की रोकथाम को लेकर आदित्यपुर थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान आदित्यपुर टाटा-कांड्रा मेन रोड में दो युवकों को काले रंग की बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछने पर अपना-अपना नाम सुजीत दास उर्फ मोटा दास एवं लव मांझी उर्फ रेपो बताया। सत्यापन के क्रम में प्रयुक्त मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। पूछताछ के क्रम में इन दोनों द्वारा एक गिरोह के साथ मिलकर और भी बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस द्वारा सुजीत दास उर्फ मोटा दास व मांझी उर्फ रेपो की निशानदेही पर चोरी की अन्य 07 बाइक और एक पिकअप वाहन को बरामद किया गया। गिरोह के 6 अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार कुचाई थाना क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के क्रम में चार और नाबालिग इस मामले में शामिल पाए गए हैं। जबकि 10 बाइक बरामद की गई। एक नजर आरोपियों पर : पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कहा कि इस मामले में पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के सुजीत दास उर्फ मोटा दास, अजीत दास उर्फ छोटा दास, गम्हरिया थाना अंतर्गत बोलाइडी के लव मांझी उर्फ रेपो, गम्हरिया मोती नगर के भीम यादव उर्फ प्रिंस, विडियो कॉलोनी, कांड्रा के तरुण यादव उर्फ राधे, गम्हरिया शांति नगर रासु गोराई, विलियम कुमार कर, गम्हरिया शांति नगर के शिवा दास, पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो थाना अंतर्गत सनाईकुटी अमित कुंभकार एवं पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो थाना अंतर्गत केनके गांव के उदय सामड को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि इस मामले में चार नाबालिग भी शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *