यूपी में रविवार को 48 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई। वाराणसी एयरपोर्ट पर सुबह 2 फ्लाइट घंटेभर हवा में चक्कर लगाती रही। करीब एक घंटे दोनों विमानों की लैंडिंग हो सकी। मेरठ और गाजियाबाद में ठंड के कारण 31 दिसंबर तक 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। शनिवार को बिजनौर सबसे ठंडा जिला रहा। पारा 9.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुल्तानपुर में कोहरे के कारण कार सांड से टकरा गई। कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्रियों पर सफाई कर्मियों ने पानी डाल दिया। कड़ाके की ठंड में पानी पड़ने से बच्चे-महिलाएं कांपने लगे, मगर सफाई कर्मियों का दिल नहीं पसीजा। उन्होंने यात्रियों को वहां से भगा दिया। DRM ने कहा- कर्मचारियों की काउंसिलिंग की गई। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को नहीं सोना चाहिए। इसके लिए वेटिंग रूम हैं। कल यूपी के 61 जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। तापमान धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। हवा में एक घंटे चक्कर लगाते रहे विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर खराब मौसम के चलते रविवार सुबह 2 फ्लाइट घंटेभर हवा में चक्कर लगाती रही। विजिबिलिटी करीब 300 मीटर होने से फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी। हैदराबाद और बेंगलुरु की फ्लाइट देरी से लैंड होने से यात्री परेशान रहे। (पढ़ें पूरी खबर) लखनऊ स्टेशन पर सो रहे यात्रियों पर डाला ठंडा पानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्रियों पर सफाई कर्मियों ने पानी डाल दिया। कड़ाके की ठंड में पानी गिरते ही बच्चे और महिलाएं कांपने लगे। लोग अपने चादर, कंबल लेकर भागने लगे। इसके बाद भी सफाईकर्मियों ने लोगों पर पानी डाला। घटना शनिवार देर रात की है। (पूरी खबर पढ़ें) सुल्तानपुर में सांड से टकराई कार सुल्तानपुर में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कार सांड से टकरा गई। कोहरे के चलते सांड दिखाई नहीं दिया। उसे बचाने के चक्कर में हादसा हो गया। हादसा इतना जोरदार था कि कार 100 मीटर घिसटती हुई गई। कार बुरी तरह डैमेज हो गई। हादसे में कार सवार घायल हो गया। मौसम की तस्वीरें- कल 40 जिलों में हुई बारिश
शनिवार को प्रदेश के 40 शहरों में बारिश हुई। नोएडा-झांसी और महोबा में ओले गिरे। सड़क पर सफेद चार बिछ गई। प्रदेश में औसतन 4.3MM बारिश रिकॉर्ड की गई। मुजफ्फरनगर में सबसे अधिक 49MM बारिश दर्ज की गई। अब शहरों का हाल जानिए- कानपुर में बादल छाए,बारिश की संभावना कानपुर में सुबह से घने बादलों की मोटी चादर बिछी हुई है। तड़के सुबह कोहरा भी छाया रहा, लेकिन हवाओं ने कोहरे को काफी हद तक कम कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज कानपुर समेत आसपास के जिलों में बारिश के आसार बने हुए हैं। हवाओं के चलने से गलन बढ़ गई है। सहारनपुर में कोहरा छाया, पारा 9 डिग्री सहारनपुर में दो दिन की बारिश के बाद कोहरा छाया हुआ है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री पहुंच गया है। 6 किलोमीटर की स्पीड से हवा चल रही है। ह्यूमिडिटी 97% है। 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक 22 ट्रेनें निरस्त हैं। मेरठ में बारिश से ठंड बढ़ी, कल 3.9MM बारिश मेरठ में लगातार 2 दिन से हो रही बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। शनिवार को दिन का तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी। रविवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं। शनिवार को 3.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिवाली के बाद पहली बार AQI 100 से नीचे पहुंचा
दिवाली से प्रदूषण लगातार गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली के लिए मुसीबत बना हुआ था। अक्टूबर से दिसंबर तक लोगों को जहरीली हवा का सामना करना पड़ा। अब बारिश से हवा साफ हुई है। दिवाली के बाद पहली बार AQI 100 से नीचे पहुंचा है। दिवाली के बाद गाजियाबाद-नोएडा का AQI 400 तक पहुंच गया था। नए साल पर पड़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर SN सुनील पांडेय ने बताया- बादलों की आवाजाही से दिन के तापमान में गिरावट आई है। रात का तापमान 8 डिग्री तक गिर गया है। बादलों की आवाजाही खत्म होते ही तापमान में गिरावट आएगी। नए साल की शुरुआत के साथ फिर से कड़ाके की ठंड पड़ेगी। बारिश के बाद पाला पड़ने की संभावना बढ़ी
SN सुनील पांडेय ने बताया- बारिश के बाद नमी बढ़ने से कोहरा और पाला पड़ने की संभावना बढ़ गई है। जिन जिलों में बारिश हुई, वहां गलन महसूस की गई। प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। 2024 में 41 दिन ज्यादा गर्मी पड़ी
मौसम विभाग का कहना है कि इस बार जलवायु परिवर्तन के कारण देश में औसतन 41 दिन और भीषण गर्मी पड़ी। यह पहला साल होगा, जब औसतन तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। गर्मी अधिक पड़ने से साल में कुल 130 से अधिक गर्म दिनों का सामना करना पड़ा। —————————————- मौसम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के पुलवामा-कुलगाम में 24 घंटे में 2-2 फीट बर्फबारी जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में जारी भारी बर्फबारी और बारिश के कारण पूरा उत्तर भारत तेज ठंड की चपेट में हैं। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में टेम्परेचर गिरा है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में शनिवार को टेम्परेचर -5°C रहा। श्रीनगर में ये -1°C था। पढ़ें पूरी खबर


