भास्कर न्यूज | तरनतारन/पंडोरी तरनतारन पुलिस ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और अमृतपाल बाठ गैंग के 5 शूटरों को काबू किया है। आरोपियों से एक ग्लॉक समेत 4 पिस्तौल और बिना नंबर की कार बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी टारगेट किलिंग करने वाले थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान बटाला के गांव भगवानपुर के गुरमीत सिंह उर्फ रावल, गुरदासपुर के गांव नूरपुर के हरपाल सिंह, अमृतसर के गांव नवांपिंड के लवप्रीत सिंह उर्फ एनपी, शमशेर सिंह उर्फ शेरा पासियां और संदीप सिंह उर्फ गोली निवासी कोट खालसा के रूप में हुई है। आरोपियों से एक यूएसए मेड 9 मिमी ग्लॉक पिस्तौल, .32 बोर की 2 पिस्तौलें, एक देसी पिस्तौल, 15 जिंदा कारतूस और 3 मैगजीन बरामद हुए हैं। एसएसपी तरनतारन अभिमन्यु राणा ने बताया कि गुप्त सूचना पर सीआईए स्टाफ तरनतारन के इंचार्ज अमनदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस ने जंडियाला से तरनतारन रोड पर नाका लगाकर कार सवार गुरमीत सिंह, लवप्रीत सिंह, और हरपाल सिंह को काबू किया। पूछताछ के बाद शमशेर सिंह और संदीप सिंह उर्फ गोली को भी काबू किया गया। थाना सदर तरनतारन में केस दर्ज करके आरोपियों को अदालत में पेश करके 3 दिन का रिमांड हासिल किया है। आरोपी गुरमीत पर असलहा, इरादतन हत्या के 4 और लवप्रीत सिंह पर 3 केस पहले से दर्ज हैं।


