केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा-‘नरसिम्हा राव का जो पार्थिव शरीर था, वह कांग्रेस कार्यालय में भी नहीं रखने दिया। इतना ही नहीं, उनका दाह संस्कार भी दिल्ली में नहीं करने दिया’। दरअसल केंद्रीय मंत्री रविवार को 11:30 बजे खैरथल पहुंचे थे। यहां उन्होंने यादव समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में हिस्सा लिया था। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी की ओर से पूर्व पीएम के अंतिम संस्कार को लेकर किए गए पोस्ट को लेकर उन्हें घेरा। ‘केंद्र सरकार ने पूरा सम्मान दिया’
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा-‘मैं सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देता हूं। मगर जिस तरह का बयान राहुल गांधी ने दिया है। उससे मुझे व्यक्तिगत रूप से लगा कि ये राजनीति से प्रेरित है। केंद्र सरकार ने 7 दिन का शोक घोषित किया। केंद्र सरकार ने स्मारक बनाने का तय किया। केंद्र सरकार की कैबिनेट में शोक प्रस्ताव रखा। पूरा राजकीय सम्मान दिया गया।’ केंद्रीय मंत्री बोले-प्रणब मुखर्जी के लिए खेद के दो शब्द नहीं कहे
भूपेंद्र यादव ने कहा-‘राहुल गांधी जानते हैं या नहीं जानते या जानना नहीं चाहते। नरसिम्हा राव जी का जो पार्थिव शरीर था, वह कांग्रेस कार्यालय में भी नहीं रखने दिया। इतना ही नहीं, उनका दाह संस्कार भी दिल्ली में नहीं करने दिया। इतनी लंबी सेवा प्रणव मुखर्जी ने की थी। कांग्रेस की कार्य समिति ने प्रणब मुखर्जीके लिए खेद के दो शब्द नहीं कहे। मनमोहन सिंह जी जब प्रधानमंत्री थे तब उनका बनाया हुआ जो कैबिनेट का बिल था, वह राहुल गांधी ने फाड़कर फेंका था’ भूपेंद्र यादव ने कहा-‘राहुल गांधी के बारे में देश की जनता जान गई है कि वे छोटी राजनीति, छोटी मानसिकता और छोटी चीजों में घिरे रहते हैं। संसद में खुद लंबा भाषण देते हैं। मगर जब भाजपा के नेता बोलते हैं तो कांग्रेस के नेताओं को उकसाते हैं कि भाषण मत करने दो। राहुल गांधी की इसी सोच के कारण UPA में उनके नेतृत्व पर प्रश्नचिन्ह लग गए हैं। लालू जी भी उनके खिलाफ हो गए हैं, ममता बनर्जी उनके खिलाफ हो गई हैं, यहाँ तक कि आज देश की जनता भी उनको नकार रही है।’ सीएम भजनलाल को दिया धन्यवाद
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने खैरथल तिजारा जिले को यथावत रखने पर सीएम भजनलाल का धन्यवाद दिया। साथ ही कहा-भजनलाल जी जो कहते हैं। वह करते हैं। हम खैरथल तिजारा की जनता की ओर से उनका धन्यवाद करते हैं। इससे जिले से क्षेत्र के औद्योगिक विकास को बढावा मिलेगा। इससे पहले भूपेंद्र यादव ने खैरथल निवासी डॉ.सुमिता यादव का राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) में चयन होने और पैरा ओलिंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ी निहाल सिंह को सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री ने जाटव समाज के प्रतिभावान सम्मान समारोह में भी शिरकत की। जहां सबसे पहले उन्होंने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और समाज के द्वारा चलाई जा रही लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। भूपेंद्र यादव ने कहा कि “ना तो संविधान बदलेगा और ना ही आरक्षण समाप्त होगा।” उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल 2018 में जो आंदोलन हुआ था, वह अब अतीत हो चुका है। उस समय जिन लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए थे, उनके निस्तारण के लिए रेलवे मंत्री से बात कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला प्रमुख बलवीर सिंह छिल्लर, पूर्व विधायक रामहेत यादव, पूर्व विधायक जयराम जाटव, पूर्व सांसद डॉक्टर करण सिंह यादव, मुंडावर विधायक ललित यादव, अंजली यादव, इंदर यादव सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।


