बीकानेर शहर के मुख्य मार्ग और हाइवे पर 50 से ज्यादा अवैध कट हैं जिन्हें बंद किया जाएगा। इसके लिए सर्वे कर लिया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सड़क हादसे रोकने के सख्त निर्देश दिए और उसके बाद सीएस सुधांश पंत ने सभी अधिकारियों की वीसी ली। सड़क हादसे रोकने के लिए प्राथमिकता से काम करने के लिए कहा गया है। इसे देखते हुए बीकानेर शहर के मुख्य मार्ग और हाइवे पर पीडब्ल्यूडी, बीडीए, डीटीओ और टीआई की संयुक्त टीम ने सर्वे किया। सामने आया कि करीब 200 अवैध कट बने हुए हैं। हाइवे पर बने अवैध कट से दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। जयपुर रोड, जैसलमेर रोड, नोखा रोड रोड, रानीबाजार इंडस्ट्रियल एरिया 5 नंबर रोड, मेडिकल कॉलेज से नागणेचीजी मंदिर, श्रीगंगानगर हाइवे सहित मुख्य मार्गों पर 50 से ज्यादा अवैध कट हैं जिन्हें बंद किया जाएगा। संयुक्त टीम ने रिपोर्ट तैयार कर ली है जिसे कलेक्टर को सौंपा जाएगा। अवैध कट बंद करने के लिए एस्टीमेट बनेगा और बजट स्वीकृत होने पर बंद करने का काम शुरू कर किया जाएगा।


