कलेक्टर ने रेडक्रॉस से 50 हजार की मदद की पंडवानी को देश-दुनिया में पहुंचाने वाली लोकगायिका व पद्मभूषण तीजनबाई की मदद करने अब लोग सामने आने लगे हैं। दरअसल, तीजनबाई को 8 महीने से पेंशन नहीं मिलने और 3 महीने से इलाज के लिए आर्थिक सहायता नहीं मिलने की खबर दैनिक भास्कर में प्रकाशित होने के बाद गुरुवार सुबह से ही तीजनबाई का हाल-चाल जानने लोग जुट गए। उनकी मदद करने वालों की उनके गृहग्राम गनियारी में सुबह से ही भीड़ लग गई। जनप्रतिनिधियों, लोक कलाकारों से लेकर कलेक्टर तक खुद उनसे मिलने के लिए पहंुचे। इस बीच, नृत्यांगना यास्मीन सिंह ने फोन पर तीजन का हाल-चाल जाना और उनके बैंक खाते में एक लाख रुपए भी जमा किए। वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने तीजन की बहू रेणु से मुलाकात की। उन्हें तीजन के इलाज और जरूरी सुविधाओं के लिए नकद एक लाख रुपए भी दिए। आरोग्य अस्पताल में भर्ती हाेने पर उनके इलाज का पूरा खर्च उठाने का वादा भी किया। दूसरी ओर, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के अधिकारियों ने जीवन प्रमाण-पत्र की औपचारिकताएं पूरी की। अब उन्हें पांच साल से रुकी ईपीएफओ की पेंशन भी फिर मिलने लगेगी। इसके साथ ही कई लोगों ने उनके इलाज के लिए आर्थिक मदद भी की। प्रशासन ने छह महीने की पेंशन राशि 30 हजार रुपए तीजनबाई के खाते में ट्रांसफर कर दी है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी अन्य अधिकारियों के साथ फल लेकर तीजन बाई के घर गईं। उनके परिजनों से मुलाकात कर हाल-चाल पूछा और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। जिला प्रशासन की ओर से रेडक्रॉस मद से 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक तीजन बाई को प्रदान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ बीके दुबे और सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी भी साथ मौजूद थे। चिकित्सों ने तीजन बाई का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। जिला प्रशासन के अफसरों ने तीजन को निवास प्रमाण पत्र दिया। राजस्व अमले द्वारा आय प्रमाण पत्र पूर्व में दिया जा चुका है। वहीं, रिकेश ने कहा कि तीजन बाई न केवल छग बल्कि देश की अमूल्य धरोहर है। यह जानकार बिलकुल अच्छा नहीं लगा कि उन्हें जमा पूंजी से इलाज करवाना पड़ रहा है। परिवार आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है। इसलिए अपने मानदेय से राशि दी है। 6 माह की पेंशन राशि खाते में ट्रांसफर सामान्य प्रशासन एवं आयुक्त दुर्ग संभाग कार्यालय के अनुसार अप्रैल से सितंबर 2024 तक कुल छह माह की पेंशन राशि 30 हजार रुपए 22 अक्टूबर 2024 को तीजनबाई के खाते में ट्रांसफर कर दिया गया है। संबंधित बैंक को भुगतान करने निर्देशित किया गया है। कलाकार पेंशन के लिए प्राप्त आवेदन 26 सितंबर 2024 को संचालक संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग को भेजा जा चुका है। स्मरण पत्र भेजकर जल्द निराकरण के लिए राज्य शासन से अनुरोध किया गया है। शासन से राशि स्वीकृत होते ही भुगतान की जाएगी। 5 हजार रुपए की पेंशन लगातार मिल रही
शासन के मुताबिक तीजनबाई को पद्मश्री वाली 5 हजार रुपए की पेंशन लगातार मिल रही है। इसके अलावा संस्कृति विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिक कलाकार के नाम से दी जाने वाली पेंशन वह अभी स्वीकृत नहीं हुई है। तीजन बीएसपी में 30 साल की सेवा के बाद 31 अगस्त 2016 में रिटायर हुई थीं। तब से उन्हें कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ओर से हर महीने 2084 रुपए पेंशन मिल रही थी। लेकिन, जीवन प्रमाण-पत्र नहीं देने के कारण पिछले पांच साल से उन्हें यह पेंशन नहीं मिल रही है।