विश्वकर्मा इलाके में रविवार तड़के रोड नंबर 14 स्थित दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लगने से आस-पास के इलाके में हडकंप मच गया। एक फैक्ट्री में गद्दे बनाए जाते हैं और दूसरी में प्लास्टिक की टंकियां बनती हैं। सूचना मिलने पर आस-पास के फायर स्टेशनों से पहुंची 12 दमकलों ने करीब 3 घंटे में आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि चपेट में आने वाली दोनों फैक्ट्रियों के पास ही एक पेंट की फैक्ट्री है। जिसमें थिनर का भारी स्टॉक रखा था। सर्दी के कारण छिपकर बैठे कई पक्षी भी जिंदा जल गए। वहीं फैक्ट्री में खड़ी एक कार भी जल गई। नगर ग्रेटर के फायर ऑफिसर गौतम लाल ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 6 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जिस पर वीकेआई, बनीपार्क, बिन्दायका व घाटगेट फायर स्टेशन से 12 दमकलें बुलाई गईं। दमकलों ने पानी डालकर करीब 3 घंटे में आग पर काबू पाया गया। उसके बाद एहतियातन एक दमकल मौके पर तैनात कर दी गई, क्योंकि कुछ जगह से धुआं निकल रहा था।


