जालंधर| केएमवी में हिंदी दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया। इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य हिंदी भाषा की समृद्धि को उजागर करना और विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा में अपनी सृजनात्मकता, विचारों और भावनाओं को व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना था। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। रंग-बिरंगे पोस्टरों और आकर्षक नारों के माध्यम से छात्राओं ने हिंदी के प्रति अपना गहरा सम्मान और गर्व व्यक्त किया। दिन का मुख्य आकर्षण वाद-विवाद प्रतियोगिता रही, इसमें प्रतिभागियों ने समकालीन समाज में हिंदी के महत्व, राष्ट्र की एकता में हिंदी की भूमिका तथा वैश्वीकरण के युग में भाषाई पहचान को सुरक्षित रखने की चुनौतियों पर प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। प्राचार्या डॉ. अतीमा शर्मा द्विवेदी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उत्साह की सराहना की।उन्होंने कहा कि हिंदी मात्र एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और मूल्यों को जोड़ने वाला सेतु है।


