लुधियाना| भारतीय विद्या मंदिर किचलू नगर में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा और इसकी सांस्कृतिक महत्ता को समर्पित भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हास्य-व्यंग्य कविताएँ, ओजस्वी भाषण और काव्य गायन प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके अलावा रोचक खेलों में शब्दों के विभिन्न स्वरूपों, संख्या आधारित शब्दावली और विशेषणों के प्रयोग जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह की आकर्षकता और बढ़ा दी। प्रधानाचार्या रंजू मंगल ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाली भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित सभी को प्रेरित किया कि वे हिंदी के गौरव को बनाए रखने और इसे प्रेम से अपनाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहें।


