अमृतसर| डीसी साक्षी साहनी ने बताया कि बाढ़ से नुकसान पर किसानों को मुआवजा देने के लिए गिरदावरी का काम शुरू करा दिया गया है। रिपोर्ट आने के 45 दिनों में किसानों को मुआवजा मिल जाएगा। डीसी ने अजनाला में अफसरों के साथ बैठक करते हुए पशुपालन विभाग को पशुधन के नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने को कहा। गिरदावरी के लिए जिस गांवों में जाना हो वहां के गुरु घर में घोषणा करवाएं, रजिस्ट्रेशन करवाएं, गांव के पंचायत सचिव को साथ लेकर जाएं। ताकि पूरे गांव को पता चल सके कि गांव में गिरदावरी हो रही है। जिन गांवों में फसलें और मकान 100 प्रतिशत नष्ट हो गए, वहां प्राथमिकता के आधार पर रिपोर्ट भेजें। ताकि ऐसे लोगों को तत्काल मुआवजा दिया जा सके। सरकार फसल के नुकसान के लिए 20,000 रुपए प्रति एकड़ का मुआवजा देगी।


