जनप्रतिनिधि से आंबा कार्यकर्ता की जांच टीम के सामने हाथापाई

भास्कर न्यूज | हतबंध फिंगेश्वर जनपद के देवरी गांव में आंगनबाड़ी-3 की कार्यकर्ता के दुर्व्यवहार से ग्राम पंचायत, प्रतिनिधियों और सहायिका में भारी तनाव है। आंबा कार्यकर्ता पर आरोप था कि वह बच्चों की सही तरह से देखरेख नहीं करती। पूर्व सरपंच और सचिव को मनमर्जी से काम सौंप रही है। व्यवहार भी खराब होने की शिकायत मिली थी। इस पर पिछले दिनों गांव के सरपंच विश्वनाथ साहू समेत उप सरपंच और पंचगण निरीक्षण के लिए आंगनबाड़ी गए ​थे। इस दौरान कार्यकर्ता ने प्रतिनिधियों के सामने भी आंगनबाड़ी सहायिका से दुर्व्यवहार करते हुए उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया था। सरपंच समझाने लगे तो उनसे ही अभद्र भाषा में बात करने लगी। इसके बाद कार्यकर्ता ने हथबंध थाने में सरपंच, उपसरपंच और सहायिका के खिलाफ ही झूठी शिकायत कर दी। सहायिका ने भी कार्यकर्ता के खिलाफ जातिगत गाली और अभद्रता की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। बिगड़ते माहौल को देखकर 28 जुलाई को पंचायत प्रतिनिधियों ने महिला बाल विकास अधिकारी सिमगा को और 18 अगस्त को जिला परियोजना अधिकारी अतुल परिहार को लिखित आवेदन दिया। मंगलवार को जांच अधिकारी देवरी आंगनबाड़ी पहुंचे। पूछताछ के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उपसरपंच के प्रतिनिधि से हाथापाई कर दी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कार्यकर्ता के खिलाफ हथबंध थाने में रिपोर्ट दर्ज कर उसे बर्खास्त करने की मांग की है। पुलिस ने आंबा कार्यकर्ता पर 4 अलग धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पंचगण दौलत देवदास, अमीजवान, रिटायर्ड शिक्षक लिखन लाल कोसले , दुर्गेश्वरी साहू, उमा साहू, देवकी साह, मंजू कुर्रे, आनंद बाई दीवारकर, कलाराम यादव, रामकुमार साहू आदि ने पुलिस के पास बयान दर्ज कराया है। इस संबंध में परियोजना अधिकारी सिमगा ने कहा कि दोनों पक्षों को नोटिस दिया जा चुका है। अंतिम नोटिस के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शीघ्र उचित कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *