भास्कर न्यूज | कवर्धा कवर्धा के ठाकुरदेव चौक से हाईटेक बस स्टैंड तक 11 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण की जा रही है। चौड़ीकरण का काम रुक-रुककर चल रहा है। चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे करीब 22 बिजली खंभों की शिफ्टिंग करना है। शनिवार को औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गोपाल वर्मा ने पोल शिफ्टिंग करने 1 हफ्ते का अल्टीमेटम दिया है। खास बात ये है कि 52 दिन पहले 22 जुलाई को भी कलेक्ट्रेट में मीटिंग के दौरान कलेक्टर वर्मा ने पोल शिफ्टिंग के निर्देश दिए थे। लेकिन बिजली कंपनी के अफसरों ने सुनी नहीं। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और अतिक्रमण के कारण हो रही बाधा पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने जिम्मेदार अधिकारियों और अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वालों पर सीधे कार्रवाई होगी। एक व्यापारी ने पहले तो खुद अतिक्रमण हटाने की हामी भरी थी, लेकिन अब तक कब्जा नहीं छोड़ा। इस पर कलेक्टर वर्मा ने सीधे नोटिस जारी करने और जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने का फरमान सुना दिया। गुणवत्ता से काम हो मॉनिटरिंग जरूरी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सख्त हिदायतें दीं। उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर नाली, डामरीकरण और लेवलिंग तक हर स्तर पर मानकों से कोई समझौता नहीं होगा। अफसरों से कहा कि रोजाना मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि जनता को न्यूनतम असुविधा हो। निर्माणाधीन यह सड़क चौड़ीकरण न सिर्फ ट्रैफिक जाम से राहत दिलाएगा, बल्कि शहर को नया रूप देगा। निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, एसडीएम चेतन साहू, लोक निर्माण विभाग के ईई रंजीत घाटगे, सीएमओ रोहित साहू सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।


