15-17 सितंबर तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी:लो प्रेशर एरिया, एक्टिव मानसून टर्फ का असर, झारखंड में अबतक सामान्य से 19% ज्यादा बारिश

झारखंड में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 15 से 17 सितंबर 2025 तक राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। खासकर विश्वकर्मा पूजा के दिन यानी 17 सितंबर को भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। जिलावार अलर्ट, कई इलाकों में भारी वर्षा की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, 15 सितंबर को सिमडेगा, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, देवघर, साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और धनबाद जिलों में भारी बारिश और वज्रपात हो सकता है। 16 सितंबर को हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, 17 सितंबर को चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज में भारी वर्षा की संभावना है। रांची में 19 सितंबर तक बादल और बारिश के आसार राजधानी रांची में भी मौसम विभाग ने 19 सितंबर 2025 तक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विश्वकर्मा पूजा के दिन रांची में भी वज्रपात और बारिश हो सकती है। शनिवार को शहर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बीते 24 घंटों में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। दुर्गा पूजा पर भी बारिश की आशंका मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस बार दुर्गा पूजा के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक वर्षा कोडरमा के चंदवारा में 71.5 मिमी दर्ज की गई। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहने की सलाह दी है। वज्रपात और भारी बारिश से जान-माल के नुकसान की आशंका को देखते हुए सतर्कता जरूरी है। अब तक सामान्य से 19% अधिक बारिश दर्ज 1 जून से 13 सितंबर तक राज्य में औसतन 1077.9 मि.मी. बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 906.9 मि.मी. है। इस तरह राज्य में अब तक 19% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, यह वृद्धि सभी जिलों में समान रूप से नहीं दिखी है। कहीं अधिक बारिश हुई है तो कहीं सामान्य से कम। पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में हुई सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले में अब तक 1564.7 मि.मी. बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 60% अधिक है। इसी तरह सिमडेगा में 1186.3 मि.मी. बारिश हुई, जो सामान्य के बराबर है। चाईबासा में भी 1173.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 27% ज्यादा है। गिरिडीह, लातेहार और सरायकेला-खरसावां में भी औसत से अधिक बारिश हुई है। दूसरी ओर, पाकुड़ जिले में अब तक मात्र 756.3 मि.मी. बारिश हुई है, जबकि सामान्य 1015.3 मि.मी. होनी चाहिए थी। यहां 26% की कमी दर्ज की गई है। देवघर और गढ़वा में भी सामान्य से क्रमशः 11% और 6% कम बारिश हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *