माणक हॉस्पिटल के पास हुई थी लूट की वारदात:32 लाख की लूट मामले में 8 दिन में 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 5 पकड़े

शहर के महावीर चौक में माणक अस्पताल के पास घर जा रहे व्यापारियों को रोक आंखों में मिर्ची डालकर 32 लाख रुपए लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से वारदात में उपयोग ली गई कार भी बरामद की। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। 20 दिसंबर की रात को 9.30 बजे व्यापारी संजय कुमार जैन निवासी गोलेच्छा मार्ग व उसके भाई अशोक के साथ बाइक पर 32 लाख रुपए से भरा बैग लेकर रेलवे स्टेशन से महावीर चौक होते हुए अपने घर जा रहा था। व्यापारी की पिछले 8-10 दिनों से रैकी कर रहे आरोपियों ने 20 दिसंबर की रात को सफेद स्विफ्ट कार से इनका पीछा किया। महावीर चौक पर माणक अस्पताल के पास नकाबपोश आरोपियों ने व्यापारी की बाइक के आगे कार लगाकर उसे रोका और उसमें से उतरे तीन लोगों ने व्यापारी की आंखों में मिर्ची डालकर तथा लोहे की रॉड से मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात की जगह से लेकर अन्य सैकड़ों सीसीटीवी खंगाले महावीर चौक पर हुई 32 लाख की लूट की वारदात को लेकर पुलिस पूरी तरह से सक्रिय हो गई। पुलिस ने महावीर चौक में निजी दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में प्रयुक्त हुए वाहन की जानकारी ली। इसके साथ ही पुलिस ने विभि​न्न जगहों के कुल 300 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तथा बाड़मेर शहर के साथ साथ इंद्रानगर, इंद्रा कॉलोनी, रोहिड़ा पाड़ा बाड़मेर, भादरेश, झणकली, बालोतरा, कल्याणपुर, लूणी जोधपुर एवं अन्य संभावित स्थानों पर करीब 1 हजार किमी. तक आरोपियों की तलाश की। स्विफ्ट कार के मालिक से पूछताछ की। जिसमें उसने योजना बनाकर अपने 4 साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। अलग अलग स्थानों से सभी आरोपी पकड़े पुलिस ने कार मालिक को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने अन्य 4 साथियों के बारे में जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने अलग अलग स्थानों पर दबिश देकर वारदात में शामिल चारों आरोपियों को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। पुलिस ने पांचों आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। जिस पर पुलिस ने पांचों आरोपियों को डकैती की धारा में गिरफ्तार किया। इसके साथ ही पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई करते हुए लूटी हुई राशि बरामद की कार्रवाई की जाएगी। लूट की वारदात में शामिल 4 आरोपी नशे के आदी है तथा पूर्व में बाड़मेर में किराए के मकान में रहते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *