ठेकेदारों को भुगतान नहीं बैठक में बनेगी रणनीति

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव निर्माण विभागों में कार्यरत ठेकेदारों को बिलों का भुगतान लंबे समय से नहीं किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर अधिकारी समय पर काम पूर्ण करने के लिए ठेकेदारों पर अनावश्यक रूप से दबाव बनाते हैं। अधिकारियों की मनमानी और विसंगतियों को लेकर ठेकेदारों में रोष है। ऐसे कई मुद्दों को लेकर छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने राजधानी में राज्य स्तरीय बैठक करने का ऐलान किया है। 16 सितंबर को होने वाली इस बैठक में प्रदेशभर के कांट्रेक्टर शामिल होंगे। राज्य सरकार के सामने निर्माण संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से रखेंगे। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बीरेश शुक्ला, राजनांदगांव के अध्यक्ष संजय सिंगी, दुर्ग से केपी मिश्रा, आलोक बिंदल, सुरेंद्र पांडे का कहना है कि संगठन की मजबूती और विस्तार के साथ ही विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने और निर्णय लेने यह बैठक बुलाई जा रही है। उनका यह भी कहना है कि निर्माण कार्यों की प्रक्रिया ऐसी होती है कि लाखों रुपए की सामग्री उधारी में लेना पड़ता है और जब विभागों से बिलों का भुगतान होते हैं तब ट्रेडर्स को बकाया चुकाते हैं। वर्तमान में करोड़ों रुपए का बिल छह महीने से लेकर एक साल से लंबित है, जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसका सीधा असर निर्माण कार्यों पर पड़ रहा है। ऐसे सभी मसलों पर प्रदेश के सभी जगहों के कांट्रेक्टर राज्य स्तरीय बैठक में अपनी बातों को रखेंगे। इसके बाद सभी बिंदुओं का ज्ञापन राज्य शासन को सौंपने का फैसला लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *