प्रदेश सरकार उज्जैन में एक हजार लोगों की सीटिंग वाला बड़ा कल्चरल ऑडिटोरियम बनवा रही है। करीब 20 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे ऑडिटोरियम में सारे बड़े कार्यक्रम हो सकेंगे। प्रदेश में अभी एक हजार लोगों के एक साथ बैठक वाला सरकारी ऑडिटोरियम कहीं नहीं है। ये पहला ऑडिटोरियम होगा। देवास रोड पर साइंस कॉलेज के समीप कल्चरल ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है। पांच मंजिला ऑडिटोरियम ऐसा हाेगा, जहां एक हजार दर्शक बैठ सकेंगे व पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी। साइंस कॉलेज प्रबंधन के माध्यम से ही इसकी देखरेख व संचालन किया जाएगा। 50 प्रतिशत के लगभग निर्माण कार्य हो चुका है और आगामी छह माह के भीतर निर्माण पूरा होते ही ऑडिटोरियम का लोकार्पण हो जाएगा। साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरीश व्यास ने बताया कि प्रदेश में इतना बड़ा एक हजार लोगों की क्षमता वाला ये पहला ऑडिटोरियम होगा। साइंस कॉलेज इसका संचालन करेगा। यहां शासन के कार्यक्रम के अलावा निजी तौर पर भी इसे लोगों को उपलब्ध कराएंगे। जून तक लोकापर्ण हो जाएगा। बड़े कार्यक्रम के लिए अब जगह की दिक्कत खत्म वर्तमान में विक्रम कीर्ति मंदिर, कालिदास अकादमी का संकुल कार्यक्रम के लिए है, जिसकी क्षमता 250 से 300 लोगों की है। कई बड़े कार्यक्रम के लिए दशहरा मैदान, कार्तिक मेला ग्राउंड, सामाजिक न्याय परिसर में अस्थायी इंतजाम जुटाना पड़ते हैं, लेकिन अब ये दिक्कत खत्म हो जाएगी। ऑडिटोरियम पांच मंजिला रहेगा, जिसमें अलग-अलग दर्शक दीर्घा रहेगी व इतने ही वाहन की पार्किंग क्षमता भी यहां रहेगी।


