यूपी के मौसम में ठंड बढ़ गई है। रविवार को प्रदेश के 42 जिलों बादल और घना कोहरा छाए रहे। अधिकतर जगहों पर धूप देर से हुई तो कहीं सूरज के दर्शन ही नहीं हुए। आज, सोमवार को 61 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। गाजियाबाद, मेरठ में 8वीं तक के स्कूल 31 जनवरी तक बंद हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश का दौर गुजर जाने के बाद पछुआ हवाएं चलने लगी हैं। नतीजा यूपी में पूरब से पश्चिम तक पिछले 24 घंटे में रात के पारे में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। अगले 48 घंटों में तापमान में और तेजी से गिरावट आएगी। कानपुर में रविवार देर रात तक कानपुर सेंट्रल आने वाले 23 ट्रेनों पर कोहरे का असर रहा। 6 घंटे तक ट्रेनें लेट आईं। 72 घंटों बाद कड़ाके की ठंड का अनुमान लखनऊ आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा- उत्तरी पछुआ हवाओं के चलने से अगले 72 घंटे में रात के पारे में 5 डिग्री तक की गिरावट आएगी। दिन में कोहरे की मौजूदगी और धूप हल्की होने की वजह से दिन के तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिलेगी। 31 दिसंबर के बाद पछुआ हवाओं की गति में तेजी आएगी। इससे कोहरा छंटेगा और धूप खिलेगी। अगले कुछ दिन फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। इधर, वाराणसी के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने कहा कि रविवार को प्रदेश में औसतन 0.7MM बारिश रिकॉर्ड हुई। सबसे अधिक बारिश बुलंदशहर में 7MM दर्ज हुई। 270 मीटर रह गई विजिबिलिटी
कानपुर समेत पूरे प्रदेश में रविवार सुबह से कोहरा छाया रहा। प्रयागराज, आजमगढ़ और कुशीनगर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। अमेठी, बलिया में 20 मीटर, वाराणसी और चुर्क में 50 मीटर तो वहीं अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट आदि में दृश्यता 100 मीटर तक सिमट गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक समूचे प्रदेश में मध्यम से घने कोहरे और सर्द हवाओं का दौर जारी रहेगा और ठंड में बढ़ोतरी दिखेगी। औसतन 4 डिग्री दर्ज की गई गिरावट
हवाओं और बादल छाए रहने की वजह से 24 घंटे में अधिकतम तापमान 4.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस घट गया। वातावरण में नमी बढ़कर 96 प्रतिशत हो गई है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ आने की वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की नमी माहौल में आ जाती है। नमी के बढ़ने से बादल बन जाते हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण दक्षिणी और पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसका प्रभाव प्रदेश के पूर्वी हिस्से में ज्यादा रहेगा। दो-तीन दिन अभी नमी आती रहेगी। एक-दो दिन में बादल कम होने से धूप निकलने के आसार हैं। कोल्ड वेव के आसार अभी नहीं
पश्चिमी विक्षोभ के निकलने के बाद उत्तर पश्चिमी हवाओं में निरंतरता आएगी। इससे ठंड बढ़ेगी, लेकिन शीत लहरी के आसार नहीं है। अभी एक और पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है, लेकिन इसका अधिक असर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में असर नजर नहीं आएगा। इन ट्रेनों पर रही कोहरे की मार ———————————— यह खबर भी पढ़िए… सर्दी के मौसम में अपने कपड़े जरूरतमंदों को जरूर दें:लखनऊ में दैनिक भास्कर ऐप, सामाजिक संस्थानों के साथ मिलकर गर्म कपड़ों का वितरण करेगा इस कंपकंपाती ठंड में आप भी जरूरतमंदों के लिए भगवान बनकर उनकी मदद कर सकते हैं। इसके लिए सिर्फ आपको अपने घर से गर्म कपड़े का दान करना होगा। इसके बाद वो कपड़े हम जरूरतमंदों तक पहुंचाएंगे। पढ़ें पूरी खबर…


