भास्कर न्यूज | बरनाला किसान संगठनों की तरफ से 30 दिसंबर को पंजाब बंद का एलान किया गया है। इस दौरान प्रदेश भर में सड़क, रेल मार्ग बंद रहेंगे। साथ ही बाजार बंद रखने का भी एलान किया गया है लेकिन इस दौरान व्यापारी नेताओं की तरफ से एलान किया गया है कि वह किसी भी तरह से बंद का समर्थन नही करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बंद का एलान करने से पहले किसी ने भी उनके साथ बैठक नही की। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश उप प्रधान अनिल बांसल नाणा ने कहा कि किसानों का वह कई मुद्दों पर समर्थन करते हैं, लेकिन बिना किसी कारण व्यापारियों की दुकानों को बंद करवाने का वह किसी भी हालत में समर्थन नही करेगें। पंजाब में व्यापार का पहले से ही बुरा हाल है। वह व्यापारियों से अपील करते हैं कि अपनी दुकान खोल कर रखें। अगर कोई अपनी मर्जी से दुकान बंद करना चाहता है तो ये उनकी मर्जी है लेकिन वह किसी भी हालत में बंद के साथ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर संघर्ष करना हर इंसान का हक है किसान भी कर रहे हैं लेकिन व्यापार मंडल बंद का समर्थन नहीं करेगा और दुकानें खुली रखी जाएंगी।


