पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बरमसिया गांव स्थित ईटा भट्ठा के पास ग्रामीणों ने शव देखा और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी मदन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की छानबीन शुरू की। घटनास्थल से मिला झोला पुलिस ने मौके से एक झोला बरामद किया। झोले में स्कूल ड्रेस, कॉपी-कलम, नाश्ता, जहरीली दवा का पुड़िया, चप्पल और कपड़े मिले हैं। इन सामानों की बरामदगी से आशंका जताई जा रही है कि लड़की ने खुद ही कोई कठोर कदम उठाया हो। पुलिस ने झोले को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। हाल ही में हुई थी शादी जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका की शादी कुछ दिन पहले ही आदिवासी परंपरा के अनुसार कराई गई थी। शादी के बाद लड़की मानसिक तनाव में थी या नहीं, इस दिशा में पुलिस जांच कर रही है। थाना प्रभारी मदन शर्मा ने कहा कि फिलहाल मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। परिजनों में मातम, घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल लड़की के शव की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए। लोग परिजनों को सांत्वना देने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। साथ ही, मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे पारिवारिक कलह, शादी से जुड़ा तनाव या कोई और कारण है।


