जयपुर में गाय को राज्य माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर भगवा वाहन रैली निकाली जा रही है। जलमहल से साधु-संतों ने भगवा ध्वज दिखाकर रैली का शुभारंभ किया, जिसके बाद भगवा झंडों से सजे वाहनों का काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। यह रैली आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान पर समाप्त होगी, जिसका आयोजन युवा शक्ति मंच राजस्थान ने किया है। रैली में सबसे आगे राम रथ है, जिसके पीछे गौ माता की मनमोहक झांकी सजाई गई है। रैली के कारण दिल्ली रोड पर यातायात को पूरी तरह से डायवर्ट कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे रास्ते पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। रैली के मार्ग में आने वाली गलियों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है, और जगह-जगह दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किए गए हैं। पुलिस के उच्च अधिकारी लगातार पूरी रैली की निगरानी कर रहे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह रैली सरकार पर गाय को राज्य माता का दर्जा देने के लिए दबाव डालेगी और गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाने में मदद करेगी।
अब देखिए, भगवा वाहन रैली से जुड़ी PHOTOS… भगवा रैली से जुड़े 3 बड़े अपडेट… 1. भगवा रैली में कार्यकर्ताओं ने एम्बुलेंस को दिया रास्ता
दिल्ली रोड की ओर से आ रही ट्रैफिक के बीच फंसी एक एम्बुलेंस को भगवा रैली के कार्यकर्ताओं ने तुरंत रास्ता दिया। रैली निकाल रहे कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए रैली को रोककर ट्रैफिक क्लियर किया और एम्बुलेंस को सुरक्षित निकलवाया, जिससे मानवता की एक मिसाल कायम हुई। 2. 1 हजार वॉलंटियर्स तैनात किए गए
युवा शक्ति मंच राजस्थान के महामंत्री गौरीशंकर खोरवाल और जिला अध्यक्ष लक्ष्य मेहरा ने बताया कि रैली में 10 हजार दोपहिया और 500 चारपहिया वाहन शामिल हुए है। रैली में 6 डीजे साउंड लगाए गए हैं, ताकि गाय को राज्य माता बनाने की मांग को और बुलंद किया जा सके। रैली को व्यवस्थित रखने के लिए 1 हजार वॉलंटियर्स तैनात किए गए हैं। 3. पिछले साल लव जिहाद के खिलाफ कानून की मांग की थी
आयोजनकर्ता ने बताया कि वे हर साल एक नई मांग के साथ रैली निकालते हैं। पिछले साल उन्होंने लव जिहाद के खिलाफ कानून की मांग की थी, जिसके बाद राज्य सरकार धर्मांतरण के खिलाफ कानून लेकर आई है। इस बार वे राज्य सरकार से गौ वंश को कटने से रोकने की मांग करते हैं, क्योंकि हिन्दू समाज के लिए गो माता पूजनीय होती है।


