दुकानदार को कुचलते हुए निकली पिकअप, VIDEO:दुकान से घर लौट रहा था; परिजन बोले- युवक ने फोन कर बुलाया, हत्या की गई

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर में तेज रफ्तार पिकअप ने दुकानदार को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान मौके पर बाइक सवार 3 युवक भी थे, जिनसे दुकानदार बात कर रहा था। इसके बाद वह दौड़ते हुए सड़क की तरफ गया था। पिकअप के कुचलने के बाद उन्होंने दुकानदार को देखा और फिर बाइक लेकर चले गए। परिजनों ने पिकअप ड्राइवर पर हत्या का आरोप लगाया है। पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मामला शनिवार रात करीब 10 बजे का है। सबसे पहले 5 तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम… कार डेकोर की दुकान चलाता था युवक
थाना अधिकारी सुरेंद्र मलिक ने बताया- शनिवार रात 10:30 बजे सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के हरसौरा चौक पर एक पिकअप ने दुकानदार नवीन यादव (35) को कुचल दिया है। उसे रोटी बैंक की एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर ने नवीन को मृत घोषित कर दिया। थानाधिकारी ने बताया- नवीन की शहर के बाइपास रोड पर कार डेकोर की दुकान थी। रात 10 बजे वह दुकान बंद करके पैदल हरसौरा रोड स्थित अपने घर जा रहा था। इस दौरान उसके पीछे से आई एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे कुचल दिया। सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
थानाधिकारी सुरेंद्र मलिक ने बताया- पूरा हादसा हरसौरा चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसमें नजर आ रहा है कि नवीन हरसौरा चौक पर खड़े 3 युवकों से बात कर रहा है और फिर सड़क पार करता है। इस दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप नवीन यादव को कुचलते हुए निकल गई है। थानाधिकारी ने बताया- रविवार को नवीन के जीजा मिथुन यादव ने एक्सीडेंट की रिपोर्ट दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ड्राइवर की गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हम हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
नवीन के जीजा मिथुन ने बताया- प्रिंस नाम के लड़के ने नवीन को फोन कर बुलाया था। वहां एक पिकअप वाले ने उसे कुचल दिया। नवीन के चचेरे भाई सतवीर ने बताया- रात को नवीन हरसौरा चौक पर खड़ा था। इस दौरान एक पिकअप रॉन्ग साइड से आई और उसे कुचल कर निकल गई। पिकअप की पहचान कर ली है। मामा राजकुमार ने बताया- नवीन को प्रिंस ने फोन करके बुलाया था। लास्ट कॉल प्रिंस की आई थी। मौके का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नवीन के साथ तीन लोग नजर आ रहे हैं। नवीन उनसे कुछ देर बात करता है। कुछ देर बाद जब पिकअप आई तो नवीन ने उसे रुकवाने की कोशिश की। लेकिन पिकअप उसे कुचलकर निकल गई। इससे साफ जाहिर होता है कि उसकी हत्या की गई है। इकलौता बेटा था नवीन, अब बुजुर्ग मां अकेली
मिथुन ने बताया- नवीन के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। पत्नी से उसका तलाक हो चुका है। नवीन इकलौता बेटा था। अब घर में उसकी बुजुर्ग मां अकेली रह गई है। एक्सीडेंट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें जयपुर में रिंग रोड से गिरी कार, 7 की मौत:अस्थि विसर्जन कर हरिद्वार से लौट रहे थे, 16 फीट नीचे पानी में गिरी गाड़ी जयपुर में एक कार बेकाबू होकर रिंग रोड से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार दो परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। हादसा शिवदासपुरा थाना इलाके में प्रहलादपुरा के पास शनिवार देर रात हुआ। पूरी खबर पढ़ें… 2 बाइक की टक्कर में सेल्समैन की मौत; VIDEO:10 मीटर तक घिसटते हुए गए, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा, दूसरा हॉस्पिटल में भर्ती दौसा के बांदीकुई में दो बाइक की टक्कर में सेल्समैन की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। टक्कर के बाद दोनों बाइक के साथ करीब 10 मीटर तक घिसटते हुए गए। शनिवार को हादसा बसवा रोड पर हुआ। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *