बारिश का दौर थमने के साथ ही राजस्थान में सर्दी तेज हो गई है। जयपुर, सीकर, चूरू, अजमेर समेत कई शहरों में रात का मिनिमम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। कोहरे और कोल्ड-वेव चलने से सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी के साथ गलन बढ़ गई। आज 12 जिलों में कोहरे और शीतलहर का येलो अलर्ट है। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 3-4 दिन राजस्थान में इसी तरह की सर्दी रहने की संभावना जताई है। साथ ही न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट होने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में कोहरा छाया रहा। सीकर, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर, जयपुर, अलवर, नागौर, दौसा और भरतपुर जिले में कोल्ड-वेव चली। इससे इन शहरों में दिनभर गलन और तेज सर्दी रही। इन शहरों के अलावा कोटा, अजमेर, भरतपुर और जोधपुर संभाग के इलाकों में दोपहर बाद आसमान साफ होने के साथ धूप निकली, जिससे लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिली। कल सबसे ज्यादा दिन का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस फलोदी में दर्ज हुआ। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस, जालौर में 24, जैसलमेर, जोधपुर में 23, चित्तौड़गढ़ में 22.6, डूंगरपुर में 21.8, जयपुर में 17.9, अजमेर में 19.3, अलवर में 17.2, उदयपुर में 20.7 और कोटा में 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गंगानगर, हनुमानगढ़ समेत उत्तरी राजस्थान में में कोल्ड-डे
राजस्थान में कल सबसे ठंडा दिन गंगानगर जिले में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हनुमानगढ़ जिले के भी अधिकांश हिस्सों में कल पूरे दिन कोहरे और शीतलहर के प्रभाव से दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। बीकानेर में अधिकतम तापमान 16.2, चूरू में 15.7, फतेहपुर (सीकर) में 15.5, पिलानी (झुंझुनूं) में 14.6 और सीकर में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिरा
राज्य में बारिश थमने के साथ ही रात के तापमान में भी बड़ी गिरावट हुई। सीकर 6.5, जयपुर 6, पिलानी 5.8, अजमेर 6.5, भीलवाड़ा 6.2, कोटा 4.6, उदयपुर 7.8, चूरू 6.1, सिरोही 5, फतेहपुर 6.5 और करौली में 5 डिग्री तक न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई। तापमान में हुई इतनी बड़ी गिरावट से इन शहरों में सर्दी अचानक से तेज हो गई।


