भारत-पाक मैच, हरियाणा में कांग्रेसियों का प्रदर्शन:केंद्रीय मंत्री खट्‌टर बोले- खेल को दुश्मनी से न जोड़ें; सुरजेवाला बोले- खून-क्रिकेट साथ नहीं चल सकता

भारत और पाकिस्तान के बीच आज होने वाले एशिया कप के क्रिकेट मैच को लेकर हरियाणा में भी राजनीति शुरू हो गई है। करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने कहा कि खेल का अपना सिस्टम और शेड्यूल होता है। मैच दुबई में हो रहा है, न कि पाकिस्तान की धरती पर। खेल को दुश्मनी से जोड़ना ठीक नहीं है। कैथल में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि जिस देश के साथ हमारा विवाद चल रहा हो, उसके साथ क्रिकेट खेलना शहीदों का अपमान है। इस मैच से अमित शाह के बेटे जय शाह और BCCI पैसा कमा रहा है। खून और क्रिकेट का खेल साथ-साथ कैसे चल सकता है। वहीं, रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा ने X पर लिखा- “भारत बनाम पाकिस्तान। ये कैसा खेल है?” उधर, करनाल में कांग्रेस नेताओं ने जिला कार्यकारिणी की बैठक में काली पट्‌टी बांधकर विरोध जताया। शहरी जिला अध्यक्ष पराग गाबा ने कहा कि सरकार यह मैच करवाकर शहीदों की शहादत का मजाक बना रही है। अब डिटेल में जानिए मनोहर लाल खट्‌टर और रणदीप सुरजेवाला ने क्या कहा…. खट्‌टर बोले- किसी देश से स्थायी दुश्मनी ठीक नहीं
मनोहर लाल खट्टर शनिवार रात को जन शताब्दी ट्रेन से करनाल पहुंचे थे। मीडिया ने उनसे अरविंद केजरीवाल के बयान – ‘सरकार को भारत-पाक मैच से आने वाला पैसा प्यारा है’ पर सवाल किया। इस पर खट्टर ने कहा कि आरोप लगाने से पहले हर किसी को अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए। पहलगाम हमले के बाद सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया और सख्त कार्रवाई की, जिसकी हर जगह सराहना हुई। खेल को प्रोत्साहन देने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। 11 खिलाड़ी एक तरफ और 11 दूसरी तरफ होते हैं और खेल भावना के तहत मुकाबला होता है। किसी देश के साथ स्थायी दुश्मनी रखना उचित नहीं है। भारत की शर्तें स्पष्ट हैं कि आतंकवाद किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा और पाकिस्तान को पीओके वापस करना ही होगा। अगर ये शर्तें मानी जाती हैं, तो पड़ोसी देश के साथ अच्छे संबंध बनाने में कोई दिक्कत नहीं है। सुरजेवाला बोले- ये भाजपा के दोगलेपन का सबूत
कैथल में रविवार को कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा- “अगर प्रधानमंत्री को शहीद शुभम द्विवेदी की पत्नी की कराहट सुनाई देती, तो वे तुरंत भारत और पाकिस्तान के बीच का क्रिकेट मैच रद्द करवाते। भारतीयों का बलिदान और क्रिकेट की शान दोनों साथ-साथ कैसे चल सकते हैं? ऐसी सरकार की क्या मजबूरी है कि पाकिस्तान के आगे घुटने टेक दिए हैं कि हमें उनके साथ क्रिकेट खेलना पड़ रहा है। ऑपरेशन सिंदूर चालू होने का मतलब है कि हम आज भी पाकिस्तान के साथ लड़ाई में हैं। ऐसे देश के साथ हम क्रिकेट कैसे खेल सकते हैं? ये भाजपा के दोगलेपन का स्पष्ट सबूत है।” करनाल में कांग्रेस ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया
करनाल में रविवार को कांग्रेस की जिला शहरी कार्यकारिणी की बैठक हुई। शहरी जिला प्रधान पराग गाबा ने कहा कि पहलगाम हमले के दौरान किसी ने अपना बेटा खोया, किसी का भाई, किसी का पति या पिता शहीद हुआ। आज तक वे जख्म भरे नहीं और सरकार मनोरंजन के नाम पर उन घावों को ताजा कर रही है। इसीलिए कांग्रेस ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। गाबा ने आगे कहा कि शहीदों की आत्मा को शांति देने की बजाय सरकार ने उनके परिवारों के जख्म कुरेदने का काम किया है। जिन लोगों ने हमारे देश के नागरिकों को मारा, उन्हीं के साथ आज क्रिकेट खेला जा रहा है। यह फैसला गलत है और कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है। सरकार को सोचना चाहिए था कि यह समय मनोरंजन का नहीं, बल्कि शहीद परिवारों के घाव भरने का था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *