बाराबंकी के सुबेहा थाने से 252 ग्राम मार्फीन के साथ गिरफ्तार असगर अली नाम का तस्कर पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। यह घटना रविवार सुबह की है। उसने लघुशंका का बहाना बनाया और थाने के बाहर ले जाते समय मौके से भाग निकला। पुलिस ने तुरंत इलाके में घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। इस लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए रात्रिकालीन अधिकारी दरोगा शोभित शुक्ला और सिपाही फहीम अहमद को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, होमगार्ड विनोद पाठक पर भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। सुबेहा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी असगर अली को पुलिस ने शनिवार देर रात रतौली अंडरपास के पास गिरफ्तार किया था। उसके पास से 252 ग्राम मार्फीन बरामद हुई थी। पुलिस ने उसे थाने लाकर लॉकअप में बंद कर दिया था। रविवार सुबह उसने लघुशंका का बहाना बनाकर खुद को लॉकअप से बाहर निकलवाया। सूत्रों के अनुसार, जैसे ही उसे थाने के पास ले जाया गया, उसने पुलिसकर्मी को धक्का दिया और हथकड़ी समेत फरार हो गया।फरार तस्कर को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। बाराबंकी एसपी ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


