मनेंद्रगढ़ | संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार महाराजपुर टोल प्लाजा में 23 से 28 दिसंबर के बीच भारी वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें दूर और पास की दृष्टि की जांच की गई। साथ ही कलर ब्लाइंडनेस की भी जांच की गई। जिला सहायक नोडल अधिकारी आरडी दीवान के नेतृत्व में नेत्र सहायक अधिकारी दशरथ राम, रामकरण साहू व रजनीश कुमार ने चालकों का नेत्र परीक्षण किया। नेत्र परीक्षण में नागपुर चौकी के पुलिस अधिकारी-कर्मचािरयों ने सहयोग किया। आरडी दीवान ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने इस प्रकार की जांच समय-समय पर की जाती है, जिससे दृष्टिदोष पीड़ित वाहन चालकों को नेत्र की बीमारी का पता चल सके और समय से उपचार कराया जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक 104 वाहन चालकों के परीक्षण में 15 निकट दृष्टि दोष (प्रेसबायोपिया) से पीड़ित पाए गए, जिसका तत्काल परीक्षण किया गया। नेत्र परीक्षण के दौरान वाहन चालकों को नेत्र सुरक्षा, आंखों की सफाई के संबंध में जानकारी के साथ-साथ साल में एक बार नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई।


