भास्कर न्यूज | जामताड़ा राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में एक कार्यशाला एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राजभाषा हिंदी के महत्व पर चर्चा से हुई। परिचर्चा को संबोधित करते हुए परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने कहा कि हिंदी सिर्फ संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय पहचान है। यह हमें प्राचीन परंपराओं और भारतीय संस्कृति से जोड़ती है। उन्होंने बताया कि हिंदी दुनिया में तीसरे नंबर पर सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है और यह पूरी तरह वैज्ञानिक भाषा है। इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ाना हम सबका नैतिक दायित्व है। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने कहा कि हिंदी दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य हिंदी के प्रचार-प्रसार और संवर्धन को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी को हिंदी भाषा के शुद्ध शब्दों के अधिक से अधिक उपयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों के बीच हिंदी से संबंधित प्रश्नोत्तरी कर उनकी प्रतिभा को भी सराहा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों और स्कूली बच्चों को शपथ दिलाई कि वे राजभाषा हिंदी के प्रयोग, प्रचार और प्रसार को बढ़ाने तथा उसके संवर्धन के लिए सदैव सक्रिय और निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सोमा खंडैत के अलावा अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मी और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।


