देवास के सतवास थाने पर शनिवार शाम पुलिस हिरासत में हुई मालागांव के मुकेश (35) पिता गबूलाल की मौत के मामले में दूसरे दिन रविवार को राजनीति गर्मा गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा कार्यकर्ताओं के साथ सतवास पहुंचे। परिजन और समाजजन के साथ थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए। धरना 12 घंटे तक चला। पटवारी ने पूरे थाने के निलंबन मांग की। मामले में सिर्फ टीआई आशीष राजपूत का निलंबन हुआ है। मृतक के भाई रामू ने आरोप लगाया कि धारा कम करने के लिए पुलिस ने 6 हजार रुपए मांगे थे, भांजा रुपए लेकर आता, तब तक मुकेश की मौत हाे गई थी। छोटे से कमरे में किसी का फांसी पर लटकना संभव नहीं। पटवारी ने मौके से ही राहुल गांधी से फोन पर बात की फिर मृतक के परिजन को 5 लाख रुपए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से देने की घोषणा की। 50 हजार रुपए नकद दिए। न्यायिक जांच होगी
पुलिस दिनभर परिजनों को पीएम के लिए मनाती रही पर वो नहीं माने। धरना रात 8 बजे प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। प्रशासन द्वारा मृतक के परिवार को पीएम आवास, 50 हजार रेडक्रॉस से तथा बच्चों की पढ़ाई के लिए हॉस्टल सुविधा तथा 4 हजार रुपए प्रतिमाह की राशि देने की घोषणा की है। एएसपी जयवीरसिंह भदौरिया ने कहा कि जांच के बाद अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाएगा। देर रात पीएम किया गया। घटना की न्यायिक जांच होगी।


