संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र के मौहल्ला चुन्नी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की शादी 31 मई 2023 को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुई थी। घटना के बाद से मृतका का पति और अन्य पुरुष सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतका पूनम के पिता विजय सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी पंकज नामक युवक से हुई थी। परिवार ने आरोप लगाया कि पूनम को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई श्योराज ने बताया कि दो दिन पहले उनकी मां और मौसी पूनम को घर लाने गई थीं, लेकिन पति पंकज ने उसे भेजने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पंकज शराब के नशे में उनकी मां से गाली-गलौज भी करता था। ससुराल पक्ष ने कहा कि पूनम को खाना खाते वक्त अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले बंगाली डॉक्टर और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया। मुरादाबाद ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर रेनू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर रेनू सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पिता विजय सिंह और मां जावित्री बेटी की मौत से गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


