MNS ने कपिल शर्मा को दी चेतावनी:राज ठाकरे की पार्टी के नेता बोले- शो में अगर मुंबई को ‘बॉम्बे’ कहा तो बड़ा आंदोलन होगा

राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने कपिल शर्मा के शो में ‘द ग्रेट इंडियन कपिल’ में मुंबई को ‘बॉम्बे’ या ‘बंबई’ कहने पर आपत्ति जताई है। पार्टी ने साफ कहा है कि शहर के पुराने नाम का इस्तेमाल करना मुंबई और यहां के लोगों का अपमान है। MNS नेता अमेय खोपकर ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया। खोपकर ने कपिल शर्मा के शो की एक क्लिप भी शेयर की। यह वीडियो उस एपिसोड का है जिसमें शिल्पा शेट्टी, शमिता शेट्टी, हुमा कुरैशी और उनके भाई साकिब सलीम शामिल थे। क्लिप में हुमा कुरैशी अपने भाई के साथ रिश्ते की बात करते हुए कहती हैं कि वे बाहर से आए हैं और “बॉम्बे” के नहीं हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए अमेय खोपकर ने लिखा, 1995 में महाराष्ट्र सरकार और 1996 में केंद्र सरकार ने मुंबई नाम को आधिकारिक मान्यता दी थी। चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता से भी पहले मुंबई नाम अपनाया गया। ऐसे में इसका सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक विनम्र अनुरोध है और साथ ही चेतावनी भी। लाइव मिंट के साथ बातचीत में अमेय खोपकर ने कपिल शर्मा से कहा कि आप इतने सालों से मुंबई में काम कर रहे हैं। यह आपकी कर्मभूमि है। मुंबई के लोग आपको पसंद करते हैं और आपके शो देखते हैं। मुंबई हमारे दिल में है, इस शहर का और यहां के लोगों का अपमान मत कीजिए। मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं। खोपकर ने आगे कहा कि अगर यह गलती से हुआ है तो इसे सुधारिए। आपके शो पर जो भी आता है, चाहे सेलिब्रिटी हो या एंकर, उन्हें पहले ही बता दीजिए कि मुंबई को बॉम्बे या बंबई न कहें। उन्हें सिर्फ मुंबई कहना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मनसे जोरदार आंदोलन करेगी। बता दें कि कपिल शर्मा इस समय अपने नेटफ्लिक्स शो को होस्ट कर रहे हैं और साथ ही फिल्मों की शूटिंग भी कर रहे हैं। इस शो का फॉर्मेट ऐसा है कि इसमें सेलिब्रिटी गेस्ट आते हैं, अपने प्रोजेक्ट्स पर बात करते हैं और मस्ती करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *