बारिश थमने के बाद अब सीकर जिले में कड़ाके की सर्दी शुरू हो चुकी है। आज सीकर में रात के तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आज सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी तो 20 मीटर के करीब रही ही। साथ ही ओस भी देखने को मिली। 9 बजे तक सूरज नहीं निकला है। फिलहाल जिले में शीतलहर का असर जारी रहने वाला है। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को न्यूनतम तापमान 12.3 और अधिकतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया था। रविवार को भी जिले में सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में शीतलहर से राहत मिलने वाली नहीं है। सीकर में अभी 2 जनवरी तक शीतलहर जारी रहने की संभावना है। केंद्र के द्वारा इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। सीकर में कल 31 दिसंबर को भी घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। वहीं साल के पहले और दूसरे दिन सीकर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में तापमान सिंगल डिजिट में रिकॉर्ड किया जा सकता है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल 4 जनवरी तक जिले में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। तीन दिनों के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट होने की भी संभावना है।


