PM नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में पूर्णिया पहुंचेंगे। वे यहां से 35,561 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन करेंगे। इस दौरान पीएम दो बड़े कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। पहले पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम करीब 3 घंटे पूर्णिया में रुकेंगे। प्रधानमंत्री 1 वंदे भारत और 3 अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाएंगे। इधर PM के दौरे को लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा- आज बिहार में जुमलों की बारिश होगी। जनसभा में 4 लाख लोगों के पहुंचने का दावा जनसभा को लेकर 10 एकड़ भूखंड पर टेंट और 5 वाटरप्रूफ हैंगर तैयार किए गए हैं। 3 हेलीपैड बनाए गए हैं। मंच पर 70 कुर्सियां लगाई गई हैं। सभा के लिए ढाई लाख से अधिक कुर्सियां लगाई गई है। जनसभा में करीब 4 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। मंच पर उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मौजूद रहेंगे। पीएम की जनसभा को देखते हुए IB, CID और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। 5 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई हैं। जगह-जगह CCTV कैमरे लगाए गए है। 111 किमी लंबी अररिया–गलगलिया नई रेल लाइन तैयार पीएम मोदी अररिया–गलगलिया (ठाकुरगंज) नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे। 111 किमी लंबी यह लाइन 4412 करोड़ की लागत से तैयार है। इससे अररिया और किशनगंज जिलों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। इसके अलावा 2170 करोड़ की लागत वाली विक्रमशिला-कटारिया रेल लाइन परियोजना का शिलान्यास करेंगे। पीएम अररिया-गलगलिया (ठाकुरगंज) खंड पर चलने वाली ट्रेन के अलावा जोगबनी और दानापुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पीएम मोदी के दौरे से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…..


