लसूड़िया क्षेत्र में एक युवा आईटी इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह बुधवार रात 11 बजे स्ट्रीट डॉग को खाना देने निकला था, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे हॉस्पिटल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत होना बताया जा रहा। पुलिस के मुताबिक मृतक योगेश (25) पिता रवि नानेरे निवासी स्कीम 78 है। परिजन ने बताया वह निजी कंपनी में था और वर्क फ्रॉम होम चल रहा था। नाइट शिफ्ट होने से वह मीटिंग अटैंड कर रहा था। इसी दौरान वह घर के बाहर आकर स्ट्रीट डॉग को खाना दे रहा था, तभी सीने में दर्द होने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। वह कुछ देर वापस नहीं आया तो पिता देखने बाहर निकले। वह बेहोश हालत में मिला। वे उसे तुरंत हॉस्पिटल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया। एक महीने पहले ही हुई थी सगाई : परिजन के मुताबिक योगेश की पिछले महीने सगाई हुई थी। 25 फरवरी को शादी होने वाली थी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही।


