रायबरेली जिले और आसपास के कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यहां कैंसर रोगियों के लिए मुफ्त ओपीडी की शुरुआत हो गई है। अब मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट, दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टर हर हफ्ते दो दिन रायबरेली में मरीजों का इलाज करेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में इंस्टीट्यूट के एचओडी डॉ. शिवेंद्र सिंह, डॉ. अमिताभ सिंह और मायरी इंस्टीट्यूट ऑफ फर्टिलिटी और आईवीएफ सेंटर, नोएडा की डायरेक्टर डॉ. प्रीति सिंह ने इस पहल की जानकारी दी। डॉ. शिवेंद्र सिंह ने बताया कि देश में कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मुंह के कैंसर के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, जिसका मुख्य कारण तंबाकू, सिगरेट और गुटका है। उन्होंने युवाओं को इनसे बचने और स्वस्थ खानपान अपनाने की सलाह दी। निसंतान दंपतियों को मिलेगी नई सुविधा डॉ. प्रीति सिंह ने बताया कि निसंतान दंपतियों को अब इलाज के लिए लखनऊ या दिल्ली जाने की जरूरत नहीं होगी। रायबरेली में ही आईवीएफ के माध्यम से संतान प्राप्ति की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल उन परिवारों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है जो संतान प्राप्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं। स्थानीय मरीजों को राहत राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट और मायरी फर्टिलिटी सेंटर की इस पहल से रायबरेली और आसपास के जिलों के मरीजों को अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में मिल सकेंगी। यह कदम मरीजों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगा।


