भास्कर न्यूज | बरवाडीह चतरा सांसद कालीचरण सिंह सोमवार को बरवाडीह पहुंचे। यहां स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि बरवाडीह को जल्द ही चिरिमिरी रेल लाइन का सौगात मिलेगा। सांसद ने कहा कि रेल मंत्रालय में प्रक्रिया तेजी से चल रही है। बहुत जल्द इस दिशा में ठोस परिणाम देखने को मिलेगा। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने पहाड़ी शिव मंदिर मार्ग पर पड़ने वाले रेलवे ट्रैक से आमजनों पर मंडरा रहे खतरे का मुद्दा सांसद के समक्ष रखा। उन्होंने फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग को गंभीरता से लिया। आश्वासन दिया कि रेलवे अधिकारियों के साथ इस विषय पर बात की जाएगी, ताकि जल्द से जल्द समाधान निकल सके। वहीं, व्यवसायिक समिति के अध्यक्ष दीपक राज ने दूरभाष पर सांसद से बातचीत करते हुए बाजार क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की पुरानी मांग से अवगत कराया। सांसद ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि संबंधित वरीय अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट लगने से न केवल व्यावसायिक गतिविधियों में सहूलियत होगी, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। मौके पर सांसद प्रतिनिधि मोहिबुद्दीन अंसारी और कन्हाई सिंह, आजसू जिला सचिव बिरेंद्र ठाकुर, भाजपा नेता दीपक तिवारी, भाजपा मंडल महामंत्री मनोज प्रसाद, भाजपा जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी बंटी ठाकुर, जनता पाल, कैलाश सिंह, राकेश मलिंगा, ननदेव सिंह, दिलीप पासवान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। लातेहार | चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने भाजपा के अनुसूचित जाति के जिला अध्यक्ष पिंटू रजक (मोंगर, लातेहार) को मनरेगा विभाग के जिला सासंद प्रतिनिधि नियुक्त किया है। सांसद ने इसकी सूचना उपायुक्त को भी दी है। सासंद कालीचरण सिंह ने कहा कि पिंटू रजक लंबे समय से क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाते रहे हैं और समाजसेवा में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। उनके अनुभव और ईमानदार छवि का लाभ मनरेगा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मिलेगा। प्रतिनिधि नियुक्त होने के बाद पिंटू रजक ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनता के विश्वास पर खरे उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि मनरेगा योजनाओं के तहत मजदूरों और ग्रामीणों को समय पर काम और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए वे पूरी तरह समर्पित रहेंगे। वहीं सासंद ने बंशी यादव को भूमि संरक्षण के प्रतिनिधि बनाया है। जबकि छोटू राजा को एनएचएआई विभाग, ध्रुव कुमार पांडेय को निबंधन विभाग व संदीप उरांव को पथ निर्माण विभाग के जिला प्रतिनिधि नियुक्त किया है।


