भास्कर न्यूज | अमृतसर विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अजनाला रोड में बाढ़ मेगा वेयरहाउस का उद्घाटन किया। जरूरतमंदों को सामान उपलब्ध कराने के लिए सामान स्टोर रहेगा। राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने बताया कि अजनाला रोड स्थित रिसॉर्ट को आधुनिक बाढ़ राहत एवं पुनर्वास मेगा वेयरहाउस सुविधा में परिवर्तित कर दिया गया है। यह केंद्र अब राहत सामग्री के भंडारण और वितरण का मुख्य केंद्र होगा। कार्य की शुरुआत से पहले श्री दरबार साहिब के ग्रंथी सिंह ने अरदास के साथ की। उन्होंने कहा कि पुनर्वास प्रक्रिया को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए जहां सरकारी प्रयास जरूरी हैं, वहीं सामाजिक संगठन और गैर-सरकारी संगठन भी बड़ा योगदान दे सकते हैं। वेयरहाउस में इस समय 50 ट्रैक्टर, 10 जेसीबी मशीनें, 200 फॉगिंग मशीनें, 1,000 बर्तन किट, 500 मीट्रिक टन चारा व बीपीएल परिवारों के लिए 500 क्विंटल चावल स्टोर कराया गया है। 1,000 से अधिक परिवारों को फोल्डिंग बेड, गद्दे, चादरें, कंबल, कुर्सियां, गैस स्टोव और मेडिकल किट उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासन के सहयोग से गांवों और घरों की मैपिंग करके सामग्री जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जाएगी। एसडीएम और तहसीलदारों के सहयोग से गांवों में ट्रैक्टर और जेसीबी भेजी जाएगी। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई अभियान भी शुरू किया गया है। राज्यसभा सांसद साहनी ने कहा कि इस कठिन समय में पंजाबियों का साथ दिया है। वहीं डॉ. साहनी ने लोगों से संकट में एकजुट होने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो देश का खाद्यान्न भंडार कहे जाने वाले पंजाब को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। सन फाउंडेशन अजनाला, डेरा बाबा नानक, दीनानगर और फाजिल्का में मोटर बोट, एम्बुलेंस, राशन, दवाइयां, सफाई सामग्री, तिरपाल, पशुओं के लिए चारा व अन्य जरूरी सामग्री पहुंचा चुका है। विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि राज्यसभा सांसद के इस अहम योगदान के लिए अजनाला के लोग उन्हें हमेशा याद रखेंगे। फसलों के नुकसान का पता लगाने के लिए विशेष गिरदावरी अभियान शुरू हो चुका है। 45 दिनों बाद किसानों को मुआवजा मिलना शुरू हो जाएगा। इस मौके पर मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया, एडीसी अमनदीप कौर, एसडीएम रविंद्र सिंह, एसडीएम संजीव कुमार व अन्य मौजूद रहे।


