अमृतसर| पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन (25/11) ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए सोमवार को प्रदेशभर के बस स्टैंड्स पर दो घंटे का प्रदर्शन किया। यूनियन का आरोप है कि एक महीने का वेतन जारी नहीं किया गया और लंबे समय से किए गए वादों पर सरकार ने कोई अमल नहीं किया। प्रदेश प्रधान रेशम सिंह गिल ने कहा कि मुख्यमंत्री से दो बार बैठकें हो चुकी हैं। उन्होंने लिखित आश्वासन दिया था कि एक महीने के भीतर नई ट्रांसपोर्ट पॉलिसी बनाकर कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। लेकिन एक साल से ज्यादा बीतने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। महासचिव शमशेर सिंह ढिल्लो ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद ट्रांसपोर्ट माफिया सक्रिय हो गया है। बिना परमिट बसें धड़ल्ले से चल रही हैं, विभाग को नई बसें नहीं दी गईं, जबकि ‘किलोमीटर स्कीम’ के जरिए निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।


