भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार की ओर से ‘केन्द्रीय आपदा राहत फंड’ को लेकर जनता के समक्ष झूठे आंकड़े पेश करने के रोष स्वरूप जिला भाजपा के अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में हालगेट के बाहर मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया गया। वहीं संधू ने पंजाब सरकार पर झूठ की राजनीति और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। इस अवसर पर पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक तथा राकेश गिल विशेष रूप से उपस्थित हुए। हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि कैग की रिपोर्ट में केंद्र सरकार द्वारा पंजाब की भगवंत मान सरकार को भेजे गए सारे पैसे का पूरा हिसाब है। कैग रिपोर्ट के फाइनांस अकाउंट के अनुसार 1 अप्रैल 2022 में 8194.07 करोड़ रुपए एसडीआरएफ कोष में 22-23 वर्ष के लिए पड़े हैं, जिसमें केंद्र की मोदी सरकार ने 908.85 करोड़ रुपए और भेजे। इसमें पंजाब की भगवंत मान सरकार का शेयर 69.33 करोड़ रुपए था, जिसके बारे में मुख्यमंत्री भगवंत मान या उनके वित्तमंत्री हरपाल चीमा कोई बात नहीं करते। पंजाब के एसडीआरएफ कोष में वर्ष 31 मार्च 2023 तक 9041.74 करोड़ रुपए बकाया पड़ा था। पूर्व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक ने कहा कि भगवंत मान सरकार आपदा राहत कोष के 12,000 करोड़ के खर्च का ब्यौरा जनता के सामने सार्वजनिक करने की बजाय, जनता को गुमराह करने के लिए जनता के समक्ष झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। एक झूठ बार-बार कहने से वह सच नहीं बन जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार बाढ़ प्रभावितों के लिए 20,000 करोड़ के राहत फंड की मांग कर रही थी, जबकि इनके अपने अधिकारी करीब 12,500 हजार करोड़ की मांग कर रहे हैं। बाकी का 7,500 करोड़ इनकी अपनी जेबें भरने के लिए है। इस अवसर पर सुखमिंदर सिंह पिंटू, डॉ. राम चावला, कुमार अमित, जिला महामंत्री सलिल कपूर, संजय शर्मा, सर्बजीत सिंह शंटी, जसपाल सिंह शंटू, मीनू सहगल, मोहित महाजन, परमजीत सिंह बतरा, अजयबीर पाल सिंह रंधावा, पार्षद गौरव गिल, पार्षद श्रुति विज, पार्षद कृति अरोड़ा, पार्षद अमन ऐरी, पार्षद विकास गिल, मनिंदर सिंह ठेकदार आदि मौजूद थे।


