पहले पार्किंग से बेबे नानकी वार्ड तक 125 फीट लंबा ऑल वेदर पैसेज होगा तैयार

भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु नानक देव अस्पताल में पार्किंग की समस्या का जल्द निदान होता नहीं दिख रहा है। अस्पताल प्रशासन ने पहले कहा था कि 5 वर्षों से तैयार मल्टीस्टोरी पार्किंग को सितंबर में शुरू कर दिया जाएगा मगर अब कहा जा रहा है कि पहले मल्टीस्टोरी पार्किंग से बेबे नानकी वार्ड तक करीब 125 फीट लंबा ऑल वेदर पैसेज तैयार किया जाएगा। जिसे लगभग 1 साल का समय लगेगा। इस हिसाब से 1500 चोपहिया-दोपहिया वाहनों के लिए तैयार मल्टी स्टोरी पार्किंग शुरू होने में अभी भी एक साल का समय लग जाएगा। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने से लोग जहां जगह मिलती है वहां वाहन लगा देते हैं। एमएस डॉ. कर्मजीत सिंह की ओर से 125 फीट लंबा ऑल वेदर पैसेज बनाने की योजना तैयार की गई है, जिसके लिए टेंडर जारी करने की बात की जा रही है। ऐसे में मल्टीस्टोरी पार्किंग लोगों को समर्पित करने में एक साल का और लंबा समय लग सकता है। जिस कारण अभी भी आम लोगों के अलावा इमरजेंसी में आने वाली एंबुलेंस को भी सेफ रास्ता निकट भविष्य में मिलता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। बता दें कि 5 साल से तैयार मल्टीस्टोरी पार्किंग में कुछ खामियों के चलते अस्पताल प्रबंधन इसे चालू नहीं करवाया पाया है। वहीं एमएस का कहना है कि इधर-उधर वाहन खड़े वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी चाहे स्टाफ का सदस्य ही क्यों न हो। जीएनडीएच में पार्किंग व्यवस्था पर्याप्त न होने के चलते लोग अपनी मर्जी से जहां जगह मिली, वहां वाहन खड़े कर देते हैं। इतना ही नहीं इमरजेंसी और बेबे नानकी वार्ड के बाहर न सिर्फ मुख्य द्वार पर बल्कि वार्ड के अंदर भी वाहन खड़े किए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *