बिजली बिल, विकास शुल्क, शराब नीति पर भी उठे सवाल

भिलाई| भारतरत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण स्मारक प्रतिष्ठान, आचार्य नरेंद्र देव स्मृति जन अधिकार अभियान समिति और समाजवादी जनता पार्टी (चंद्रशेखर) की संयुक्त बैठक सोमवार को एचएससीएल कॉलोनी, रूआबांधा में हुई। बैठक में बीएसपी, एचएससीएल और भिलाई-रिसाली नगर निगम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। शुरुआत में प्रतिष्ठान के अध्यक्ष आरपी शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों और निजी क्षेत्र में कर्मचारियों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। सदस्यों ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ शासन जनहित के मुद्दों का समाधान करने में असमर्थ है। नान घोटाले में संलिप्त अधिकारियों को प्रमोशन और संरक्षण दिया जा रहा है। हाफ बिजली बिल योजना का स्वरूप मौजूदा सरकार ने इस प्रकार बदल दिया है जिससे आम जनता को वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है। शराब नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि एक ओर चखना सेंटर खोले जा रहे हैं और दूसरी ओर राह चलते लोगों को मशीन लगाकर शराब पीने की जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है, जिसे तत्काल बंद किया जाए। बैठक में साडा भिलाई के कार्यकाल में आवंटित आवासों के नवीनीकरण न होने पर कड़ा विरोध दर्ज किया गया। साथ ही रिसाली नगर निगम द्वारा विकास शुल्क के नाम पर 236 रुपए प्रति वर्ग फीट वसूलने को सरासर गलत बताते हुए इसे लूट की संज्ञा दी गई। बैठक में सूबेदार सिंह, समाजवादी नेता कन्हैया लाल, त्रिलोक मिश्रा, कपिल देव प्रसाद, सुरेखा नागवंशी, सुभाष चौधरी, अरविंद सिंह एसजे कुरैशी और बीएन सिंह मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *