कोडरमा में एक रात में दो सड़क हादसे; 1 मरा:पंचगावां मोड़ के पास आपस में टकराई बाइक, नवलशाही चौक पर दो भाइयों को लगी गंभीर चोट

कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। पहली घटना कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित पंचगांवा मोड़ के पास हुई। सोमवार देर शाम फुलवरिया गांव निवासी 24 वर्षीय रोहित साव अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर डोमचांच बाजार से लौट रहा था। इसी दौरान पुरनाडीह की ओर से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पीसीआर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एंबुलेंस से सदर अस्पताल कोडरमा भेजा। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पांच माह पहले हुई थी शादी रोहित साव की महज पांच माह पूर्व ही शादी हुई थी। वह मुंबई में अपने पिता के साथ रहकर ऑटो चलाता था। करीब दो माह पहले ही अपने गांव लौटा था। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उसकी असामयिक मौत ने हर किसी को गहरे सदमे में डाल दिया है। नवलशाही चौक पर दो भाइयों को बाइक ने मारी टक्कर दूसरी घटना नवलशाही थाना क्षेत्र के नवलशाही चौक पर सोमवार देर शाम घटी। यहां दूध लेकर घर लौट रहे दो सगे भाई सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में 10 वर्षीय सौरव पासवान और उसका भाई सुमित पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तुरंत पुरनाडीह स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए दोनों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया। अस्पताल में दोनों बच्चों का इलाज जारी दोनों भाइयों की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इस दुर्घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। लोग बताते हैं कि बच्चे रोजाना की तरह दूध लेकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। एक ही दिन में क्षेत्र में हुई दो सड़क दुर्घटनाओं ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को और कड़ा करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *