कुल्लू-मनाली एनएच पर वाहनों की आवाजाही शुरू:22 जगहों से टूटा हाईवे एकतरफा बहाल, जल्द शुरू होगी वोल्वो बस सेवा

हिमाचल प्रदेश में कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही आज (मंगलवार) से शुरू हो गई है। बाढ़ के कारण 22 स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ यह हाईवे अब एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया है। एनएचएआई और स्थानीय व्यवसायियों के संयुक्त प्रयास से सड़क की बहाली संभव हो पाई है। स्थानीय व्यवसायियों ने सड़क मरम्मत में लगे कर्मचारियों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था भी की। लोक निर्माण विभाग ने रविवार देर रात तक काम करते हुए पतलीकुहल को नग्गर के रास्ते मनाली से जोड़ दिया। बिंदू ढांक और क्लॉथ के पास सड़क की मरम्मत सोमवार शाम तक पूरी हो गई। जिसके बाद प्रशासन ने एनएचएआई अधिकारियों से चर्चा कर सड़क को अस्थाई रूप से खोलने का निर्णय लिया। हाईवे को वोल्वो बसों के लिए बनाने की मांग हिमाचल प्रदेश ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरा लाल राणा, मनाली टैक्सी यूनियन अलेऊ के अध्यक्ष राज कुमार डोगरा और पर्यटन व्यवसायी बुद्धि प्रकाश ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है। उन्होंने कहा कि हाईवे को जल्द ही वोल्वो बसों के लिए उपयुक्त बनाया जाए। इससे मनाली और लाहौल-स्पीति का पर्यटन व्यवसाय पटरी पर लौट सकेगा। पहले से ही मनाली से वाम तट होकर कुल्लू का संपर्क मार्ग जुड़ा हुआ था। लेकिन निजी और सरकारी बसों की आवाजाही के लिए मुख्य हाईवे का खुलना जरूरी था। पर्यटन व्यवसायियों को उम्मीद है कि जल्द ही वोल्वो बसें चलने लगेंगी और मनाली से लाहौल तक पर्यटन गतिविधियां फिर से शुरू हो जाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *