हिसार एयरपोर्ट पर कारगो टर्मिनल बनेगा:जल्द शुरू होंगी अहमदाबाद-जम्मू फ्लाइट, 21 को एयर शो में दिखेंगे सूर्य किरण के करतब

हिसार हवाई अड्डे पर कारगो टर्मिनल बनाया जाएगा, जो यात्री टर्मिनल के पास होगा और टर्मिनल की एंट्री पुराने बरवाला रोड से होगी। हिसार एयरपोर्ट डायरेक्टर मुकेश यादव ने बताया कि जल्द ही जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट सेवाएं शुरू हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का विस्तार जारी है ताकि यात्री सुविधाएं बढ़ाई जा सकें और अधिक लोग इसका लाभ ले सकें। इसी कड़ी में 21 सितंबर को हिसार में एक बड़ा एयर शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहरवासी भी हिस्सा ले सकेंगे। यह शो सिरसा एयरफोर्स और जिला प्रशासन के सहयोग से होगा, और मुख्यमंत्री नायब सैनी भी इसे देखने आ सकते हैं। डीसी-एसपी ने किया एयरपोर्ट का दौरा
हिसार में 21 सितंबर को होने वाले एयर शो की तैयारियों को लेकर डीसी अनीश यादव व पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने सेना के अधिकारियों के साथ मिलकर महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट परिसर का दौरा किया। उपायुक्त अनीश यादव ने हवाई अड्डा परिसर व इसकी बाउंड्री के साथ लगते क्षेत्र में तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई। उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम एयरशो के दौरान रोमांचित कर देने वाले करतब दिखाएंगे। कल हवाई अड्‌डे पर यात्री सेवा दिवस मनेगा
स्टेशन डायरेक्टर मुकेश यादव ने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) 17 सितंबर 2025 को देश भर के अपने सभी हवाई अड्डों और प्रतिष्ठानों पर यात्री सेवा दिवस 2025 मनाएगा। हिसार हवाई अड्डे पर यात्री सेवा दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं और अन्य कार्यक्रम जैसे यात्री-केंद्रित गतिविधियों की एक विस्तृत श्रृंखला आयोजित की जाएगी। आगमन पर आने वाले यात्रियों का आतिथ्य सत्कार के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा, साथ ही निशुल्क स्वास्थ्य जांच, निशुल्क नेत्र जांच, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान जैसी स्वास्थ्य संबंधी पहल भी आयोजित की जाएंगी। मां के नाम पेड़ लगाया जाएगा
स्टेशन डायरेक्टर मुकेश यादव ने बताया कि इसी के अनुरूप, “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर वृक्षारोपण अभियान, हवाई अड्डे से परिचित कराने और विमानन क्षेत्र में करियर के अवसरों पर छात्रों के साथ संवाद सत्र, और स्थानीय हितधारकों और आगंतुकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच जैसी सामुदायिक सहभागिता गतिविधियां भी इस उत्सव का हिस्सा होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *