8 शहरी निकायों में 17 सितंबर से लगेंगे वार्डवार शिविर:सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होंगे काम

डीडवाना-कुचामन जिले में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर ‘शहरी सेवा शिविर-2025’ का आयोजन 17 सितंबर से होगा। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। शिविर में लोगों की समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान किया जाएगा। इसमें साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, सड़कों का सुधार और पार्क व शौचालयों की साफ-सफाई जैसे कार्य होंगे। सीवरेज कनेक्शन, विभिन्न प्रकार के पट्टे, भू-उपयोग परिवर्तन और नामांतरण की सुविधा भी मिलेगी। शिविर में भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाइसेंस और फायर एनओसी जारी किए जाएंगे। स्ट्रीट वेंडर पंजीकरण, जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन भी होंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना और आवास योजना के लिए आवेदन लिए जाएंगे। शिविर बोरावड़, डीडवाना, खाटू खुर्द, कुचामन, लाडनूं, मकराना, नावां और परबतसर में वार्डवार आयोजित होंगे। 17 सितंबर को पहले चरण में सभी निकायों के शुरुआती वार्डों में शिविर लगेंगे। 18 और 19 सितंबर को अन्य वार्डों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में अधिक से अधिक आमजन को लाभान्वित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और समस्याओं के तुरंत समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *