आरसीए द्वारा आयोजित अंडर 23 टूर्नामेंट में दौसा की टीम ने प्रतापगढ़ को शिकस्त दी। जिला क्रिकेट संघ दौसा के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय ने बताया कि अंडर 23 टूर्नामेंट में दौसा का दूसरा मुकाबला प्रतापगढ़ से था, जिसमें दौसा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 269 रन बनाए लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रतापगढ़ की पूरी टीम 109 रनों पर 29.1 ओवर में ढेर हो गई । दौसा टीम के देवकृत शर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 147 बॉल पर 147 रन बनाए, इसके अलावा लीलाधर मीणा ने 49 बॉल पर 42 रन बनाए। दौसा की ओर से गेंदबाजी में विशाल सिंह राठौड़ ने 37 रन देकर चार विकेट, ध्रुव कुमार सेठी ने 24 रन देकर दो विकेट, प्रदीप कुमार सैनी ने 15 रन देकर 2 विकेट लिए। टीम जीतने पर डीसीए अध्यक्ष शोभना गुर्जर, पदाधिकारी रतन चंद एडवोकेट, शिवचरण शर्मा एडवोकेट, हीरालाल सैन आदि ने बधाई दी। सचिव ने बताया कि दौसा टीम का पहला मैच झुंझुनू से था, जिसमें दौसा को हार मिली थी दूसरा मैच प्रतापगढ़ से जीतने पर अभी भी टीम को क्वालीफाई करने का चांस है। अगला मैच बुधवार को जीआर स्टेडियम जयपुर पर टोंक से खेला जाएगा। अगर टीम यह मैच जीत लेती है तो प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर जाएगी।


